अधिकारियों से बैठक कर रिंग रोड के कार्य में तेजी की बनाई रणनीति, गैस सिलेंडरों को लेकर मची अफरा तफरी पर भी की अपील
घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण (Harvinder Kalyan) ने आज करनाल में निर्माणाधीन रिंग रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े और परियोजना को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। वहीं गैस सिलेंडरों को लेकर बनी स्थिति पर हरविंद्र कल्याण ने लोगों से अपील की कि कभी कभी इस प्रकार की परिस्थितियां भी बनती है जो किसी के हाथ में नहीं होती और यह एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का विषय है और जब भी इस प्रकार का विषय होता है तो अलग-अलग क्षेत्रों में उसका दुष्प्रभाव भी पड़ता है। लेकिन लोगों को पूरे तरीके से संयम भी बरतना चाहिए क्योंकि हमारे देश का नेतृत्व बहुत ही मजबूत हाथों में है और ऐसी स्थिति में किसी को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। Gharaunda News
वीरवार को निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रिंग रोड का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा घरौंडा हल्के में आता है। इस प्रोजेक्ट के निर्माण के बाद क्षेत्र का विकास बढ़ेगा। यह प्रोजेक्ट युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
कल्याण ने कहा कि समय-समय पर रिंग रोड का निरीक्षण किया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा 100 से अधिक विषयों का निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान में रिंग रोड से संबंधित जो भी समस्याएं या मांगें सामने आई हैं, उन पर आज अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। इन सभी विषयों पर एक औपचारिक प्रस्ताव बनाकर जल्द ही एनएचएआई को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट सत्र की समाप्ति के बाद वे स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ इस प्रोजेक्ट और किसानों की मांगों पर विशेष चर्चा करेंगे। Gharaunda News
यह भी पढ़ें:– Food Poisoning Incident: पलामू में शादी के खाने से हड़कंप, 100 से अधिक लोग बीमार
फोटो कैप्शन-रिंग रोड का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे विस अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण















