हमसे जुड़े

Follow us

19.3 C
Chandigarh
Wednesday, February 11, 2026
More
    Home देश हिमाचल, उत्तर...

    हिमाचल, उत्तराखंड और यूपी में भारी बारिश का अलर्ट

    Monsoon, Weather Department, Forecasting, Atmosphere, Punjab

    नई दिल्ली। मानसून के चलते देश के कई भागों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी इलाकों में नदियां उफान पर बह रही हैं। महाराष्ट्र और बिहार में बाढ़ जैसे हालत बन गए हैं। इसके साथ ही हिमाचल के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति के लिए सचेत रहने को कहा है। सोमवार से पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है और इसके मद्देनजर राज्य के कई हिस्सों में ओरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

    मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तराखंड के कुमाऊं में भीषण बारिश हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देश की राजधानी दिल्ली में लोग उमसभरी गर्मी से परेशान हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में सोमवार की सुबह मध्यम बारिश के साथ दिन भर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान के अनुसार 26 जुलाई को उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है जबकि 27 जुलाई और 28 जुलाई को राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।

    बादल फटने के बाद आई बाढ़ में दो वाहन बहे

    इस बीच शिमला व आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ रहा। राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के मुताबिक शनिवार सुबह तीन बजे कुल्लू जिला के आनी उपमंडल के खादवी गांव में बादल फटने की घटना में भारी नुकसान हुआ है। यहां बादल फटने के बाद आई बाढ़ में दो वाहन बह गए, सेब के कई पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। पांच घर भी क्षतिग्रस्त हुए। गनीमत यह रही कि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

    शिमला में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री

    उधर, किन्नौर के बटसाड़ी में एक कार भूस्खलन की चपेट में आ गई। इस घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। बारिश के कारण प्रदेश में 18 संपर्क सड़कें शनिवार को अवरूद्व रहीं। बीते 24 घंटों के दौरान बैजनाथ में 22, बिजाही में 20, पंडोह में 17, जुब्बड़हट्टी में 14, पालमपुर में 13, तिंदर व सराहन में नौ-नौ मिलीमीटर बारिश हुई है। शिमला में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री रहा जबकि सुंदरनगर में 32.1, भुंतर 32.5, कल्पा 23.2, धर्मशाला 24.8, उना 33.0, नाहन 30.2, कांगडा 32.8, बिलासपुर 34.0, हमीरपुर 33.6, चंबा 31.6, डलहौजी 21.9 और केलांग में पारा 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।