हमसे जुड़े

Follow us

19.2 C
Chandigarh
Friday, February 27, 2026
More
    Home देश हिमाचल प्रदेश...

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी

    Dont burn firecrackers this time on Diwali Kejriwal

    शिमला (सच कहूँ न्यूज)। आम आदमी पार्टी (आप) ने इसी साल होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची आज जारी कर दी। आप ने पहली सूची में चार नेताओं को उतारा है। इनमें जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से पूर्व सांसद रहे डॉ राजन सुशांत को टिकट दिया है। नगरोटा बगवां से उमाकांत डोगरा को प्रत्याशी चुना गया है। सिरमौर के पांवटा साहिब से मनीष ठाकुर और लाहुल स्पीति से सुदर्शन जस्पा को टिकट दिया है। पार्टी सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने टिकट आवंटन पर नई पहल की है। अभी सभी सीटों पर फैसला नहीं हुआ है, जहां टिकटार्थियों की संख्या ज्यादा नहीं है वहां आज फैसला हो गया है। आप का फोक्स हिमाचल प्रदेश के बजाय गुजरात पर अधिक है, लेकिन पार्टी टिकट आवंटन के मामले में सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस से आगे रहना चाहती है। कांग्रेस ने जिस तरह की प्रक्रिया अपनाई है, उसके तहत टिकट के इच्छुक नेताओं से आवेदन मंगाए गए, लेकिन अभी तक पहली सूची जारी नहीं हो पाई है।

    अब जल्द ही उनकी जनसभा हिमाचल में होगी

    भाजपा में भी टिकट आवंटन पर मंथन चल रहा है। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर इस पर फैसला लिया जाएगा, लेकिन आप टिकट आवंटन में आगे आ गई है। पार्टी को बड़े चेहरे नहीं मिल पाए हैं, दावा है कि पार्टी की अभी सात लाख से अधिक सदस्य है। इससे पहले सोलन में पंचायत स्तर के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। तब कहा गया था कि जल्द ही गांव स्तर के पदाधिकारियों का भी ऐसा ही शपथ ग्रहण समारोह होगा। लेकिन यह समारोह अभी तक नहीं हो पाया है। आम आदमी पार्टी ने अब तक कुल 11 गारंटी जरूर दी हैं। दस गारंटी देने की घोषणा दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद गारंटी कार्यक्रम में नहीं आ पाए। लेकिन अब जल्द ही उनकी जनसभा हिमाचल में होगी। इसके लिए कार्यक्रम को अंतिम रूप प्रदान किया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि गारंटी को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान 25 सितंबर से शुरू हो सकता है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here