हिसार में सबसे कम 1.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज

ठंड का सितम, रेवाड़ी में रही सीजन की सबसे ठंडी सुबह

  • सड़कों पर घना कोहरे के साथ-साथ शीतलहर का भी प्रकोप
  • ठंड से बचाव के लिए अलाव की बने सहारा

हिसार/रेवाड़ी (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में वीरवार को फिर से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया। ठंड अब पीक पर पहुंच चुकी है। हिसार में सबसे कम 1.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा रेवाड़ी में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सड़कों पर घना कोहरा छाया हुआ है। शीतलहर के चलते लोगों पर ठंड का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित होता दिखा।

घर और प्रतिष्ठान के अंदर ही नहीं बाहर भी लोग ठिठुरन से कांपते रहे। लोग या तो अलाव सेंकते रहे या फिर घरों में दुबके रहे। सर्दी की कंपकपी बढ़ने से लोग अधिकांश समय रूम हीटर और अलाव सेककर सर्दी से बचाव का प्रयास कर रहे हैं। अस्पतालों में ओपीडी भी पहले की तुलना में कम है।

अलाव के सहारे जिंदगी

हरियाणा के उत्तरी और दक्षिणी इलाके में सबसे ज्यादा कोहरा दिखाई दिया। आधी रात ही सड़कों पर घना कोहरा दिखने लगा। सुबह होते-होते सड़कों पर केवल कोहरे की सफेद चादर ही नजर आई। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी महज 10 मीटर ही रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही लोग अलग-अलग जगह ठंड से बचने के लिए अलाव के सहारे बैठे दिखे।

दो बार 2.5 डिग्री पर पहुंचा तापमान

दरअसल, इस बार दिसंबर के तीसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड की शुरूआत हुई, लेकिन अंतिम सप्ताह के दो दिन पहले ठंड से लोगों को राहत मिल गई। 2 जनवरी के बाद फिर से कड़ाके की ठंड की शुरूआत हुई और न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान लगातार गिरता चला गया। वीरवार को न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले 2.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले 25 दिसंबर को 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आज भी पूरे दिन कड़ाके की ठंड

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन के अनुसार आगामी 3-4 दिनों तक एनसीआर क्षेत्र में इसी तरह ठंड के सभी रंग देखने को मिलेंगे, लेकिन 8 जनवरी से एक सप्ताह 15 जनवरी के दौरान लगातार एक बाद एक तीन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की पूरी संभावना बन रही है और इस दौरान संपूर्ण मैदानी राज्यों में आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। डॉ. चन्द्रमोहन के अनुसार, 8-15 जनवरी के बीच मैदानी इलाकों के साथ एनसीआर में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। आफत भरी शीतलहर, पाला जमने, कोहरा, कोल्ड डे और कड़ाके की ठंड से आमजन को राहत की प्रबल संभावनाएं बन रही है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।