हमसे जुड़े

Follow us

30.1 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home देश गणतंत्र दिवस ...

    गणतंत्र दिवस समारोह के लिए अंतररराष्ट्रीय गीता महोत्सव का होगा थीम

    देश-दुनिया को गीता के शाश्वत संदेश से रूबरू कराएगी हरियाणा की झांकी

    • झांकी के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के होंगे दर्शन

    गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय मेहरा)। गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार कर्तव्य पथ पर हरियाणा की झांकी के माध्यम से पूरी दुनिया श्रीमद् भगवत गीता के शाश्वत संदेश से रूबरू होगी। इस वर्ष कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन के लिए लगातार दूसरी बार हरियाणा की झांकी का चयन रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ कमेटी द्वारा किया गया है जिसका थीम-अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव है। इस झांकी के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के भी दर्शन होंगे। गणतंत्र दिवस परेड में हरियाणा की झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को अर्जुन के सारथी के रूप में सेवा करते हुए और उन्हें गीता का ज्ञान देते हुए दिखाया गया है। झांकी की पहली झलक आध्यात्मिकता, कला और इतिहास के दर्शन कराती है।

    यह भी पढ़ें:– मुंबई दौरे पर सीएम भगवंत मान ने किया बड़ा ऐलान

    ट्रैक्टर खंड की शुरूआत में भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के दर्शन होते हैं। जैसा कि युद्ध भूमि पर उन्होंने अर्जुन के सामने प्रदर्शित किया था। विराट स्वरूप की प्रदर्शित प्रतिमा में श्री विष्णु के 9 सिर क्रमश: अग्नि, नृसिंह, गणेश, शिव, विष्णु, ब्रह्मा, अश्विनी कुमार, हनुमान और परशुराम दिखाए गए हैं। दिव्य सर्प सिर ढके हुए हैं। श्री विष्णु दाहिने हाथ में तलवार, त्रिशूल, कमल, सुदर्शन चक्र और बाएं हाथ में शंख, बरछा, धनुष, नाग, गदा आदि लिए हुए हैं। नीचे का पूरा भाग शेषनाग व लहरों को गोलाकार आकार दिया गया है।

    चार घोड़ों के साथ एक भव्य रथ भी बनाया

    ट्रेलर अनुभाग में पीछे की ओर कुरुक्षेत्र युद्ध क्षेत्र में चार घोड़ों के साथ एक भव्य रथ बनाया गया है। रथ, घोड़ों और सभी तत्वों को गहन विवरण के साथ दर्शाया गया है। अर्जुन और श्रीकृष्ण के रथ पर सवार मूर्तियों को रंगीन बनाया गया है, जबकि ट्रेलर के बाकी हिस्से को एक ही पार्थिव छाया में बनाया गया है। झांकी में घोड़ों से लेकर रथ तक और यहां तक कि जमीन की धूल भी, हर एक विवरण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। ट्रेलर के किनारों पर बना पैटर्न महाभारत युद्ध के विभिन्न दृश्यों को दर्शाता है।

    मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा गठित विषेशज्ञ कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों व मंत्रालयों की झांकियों के चयन की प्रक्रिया नवंबर माह में शुरू की जाती है, जिसमें सभी राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश व मंत्रालय अपने-अपने थीम की प्रस्तुति देते हैं। पिछले वर्ष भी खेलों में नंबर वन हरियाणा की थीम पर आधारित झांकी के माध्यम से हरियाणा की खेल उपलब्धियों को सशक्त तरीके से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया गया था।

    कुरुक्षेत्र को दुनिया के प्राचीन तीर्थ स्थलों में से एक

    कुरुक्षेत्र को दुनिया के सबसे प्राचीन तीर्थ स्थलों में से एक के रूप में जाना जाता है। यहां पवित्र नदी सरस्वती के तट पर वेदों और पुराणों की रचना हुई। लगभग 5159 वर्ष पहले महाभारत युद्ध के पहले दिन भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र के युद्ध के मैदान में अर्जुन को श्रीमद्भगवत का शाश्वत संदेश दिया, इसीलिए कुरुक्षेत्र की पहचान गीता के जन्मस्थल के रूप में होती है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र आए थे तो उन्होंने कहा था कि कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उनकी इसी सोच को मूर्त रूप देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में गीता स्थली को न केवल अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है, बल्कि देश के साथ-साथ विदेशों में भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन इसी कड़ी के तहत किया गया है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here