हमसे जुड़े

Follow us

26.5 C
Chandigarh
Monday, March 30, 2026
More
    Home देश कमलनाथ आज राज...

    कमलनाथ आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का पेश करेंगे औपचारिक दावा

    Kamal Nath

    भोपाल, 14 दिसंबर (वार्ता)

    मध्यप्रदेश में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक दल के नेता कमलनाथ आज यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर उनके नेता चयन के संबंध में औपचारिक जानकारी देकर नयी सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि श्री कमलनाथ सुबह 11 बजे राजभवन पहुंचेंगे। उनके साथ कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, अजय सिंह, सुरेश पचौरी और अरूण यादव भी मौजूद रहेंगे। श्री कमलनाथ विधायक दल की बैठक और नेता चयन के संबंध में राज्यपाल को औपचारिक तरीके से अवगत कराएंगे।

    माना जा रहा है कि इसके साथ ही राज्यपाल श्री कमलनाथ को नयी सरकार बनाने के लिए विधिवत आमंत्रित करेंगी। वहीं प्रशासनिक स्तर पर नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। माना जा रहा है कि श्री कमलनाथ कुछ मंत्रियों के साथ राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में दो तीन दिन के अंदर शपथ ग्रहण करेंगे। उनके विधायक दल के नेता बनने के बाद मंत्रियों के नामों को लेकर भी उच्च स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गयी हैं।

    पंद्रहवीं विधानसभा चुनाव के नतीजों के मुताबिक राज्य की 230 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 114 सीटों पर और भाजपा ने 109 सीटों पर विजय हासिल की है। सबसे बड़े दल के रूप में उभरे कांग्रेस ने बसपा के दो, सपा के एक और चार निर्दलीय विधायकों को मिलाकर कुल 121 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। राज्य में पंद्रह वर्षों बाद कांग्रेस की सरकार बन रही है।

     

     

     

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो।