कांग्रेस की पहली लिस्ट में कई नाम लगभग तय, घोषणा जल्द!

Many names in the first list of Congress are almost fixed sachkahoon

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए संभावित (Congress) कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों पर दिल्ली में हाईकमान ने अंतिम मुहर लगा दी है, जिसके बाद कांग्रेस हाईकमान किसी भी वक्त पहली सूची जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि नवजोत सिद्धू, चरणजीत चन्नी और सुनील जाखड़ ने भी जारी होने वाली पहली सूची पर सहमति जता दी है। जिसके बाद पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जल्द जारी होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पहली सूची में अमृतसर ईस्ट से कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू, कादियां से प्रताप सिंह बाजवा, मोगा से मालविका सूद, अटारी से सूफी सिंगर लखविंदर वडाली, खन्ना से गुरकीरत कोटली, ओपी सोनी को अमृतसर सेंट्रल, इंदरबीर सिंह बुलारिया को अमृतसर साउथ, फतेहगढ़ साहिब से कुलजीत नागरा का नाम लगभग तय माना जा रहा है।

वहीं यदि माझा क्षेत्र की बात करें तो तृप्त राजिंदर बाजवा, राजासांसी से सुखबिंदर सिंह सुख सरकारिया, सुखजिंदर रंधावा और रमनजीत सिक्की की टिकट भी लगभग फाइनल है। सूत्र बताते हैं कि पार्टी विधायकों को लेकरर बड़े स्तर पर कोई बदलाव नहीं कर रही है। विजय इंदर सिंगला भी संगरूर, मनप्रीत बादल बठिंडा, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग गिद्दड़बाहा से ही चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों के अनुसार बाघापुराना से दर्शन सिंह बराड़, लुधियाना सेंट्रल से सुरेन्द्र डाबल, लुधियाना ईस्ट से संजय तलवार, फरीदकोट से कुशलदीप सिंह ढिल्लों को टिकट मिलने तय है। यहां सबसे दिलचस्प कपूरथला से मंत्री राणा गुरजीत का नाम है, जो लगातार सिद्धू के खिलाफ मुखर रहे हैं। फिलहाल उनकी टिकट पर असमंजस बरकरार है।

मानसा में सिद्धू मूसेवाला की टिकट का विरोध

मानसा सीट के लिए भी दिलचस्प स्थिति बनती जा रही है। यहां से विवादित सिंगर सिद्धू मूसेवाला टिकट के दावेदार हैं। मूसेवाला के लिए नवजोत सिद्धू, सीएम चन्नी और पंजाब कांग्रेस(Congress) इंचार्ज हरीश चौधरी लॉबिंग कर रहे हैं। हालांकि मानसा से यूथ कांग्रेस के चुसपिंदर सिंह भी टिकट चाहते हैं। वहीं, अब मौजूदा विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने भी विरोध जता दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मूसेवाला को टिकट दी गई तो फिर उनके भी विकल्प खुले हुए हैं। इस बाबत उन्होंने कांग्रेस हाईकमान को चिट्ठी भी लिखी है। मानशाहिया 2017 में आप की टिकट पर चुनाव जीते थे लेकिन बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए।

विधायक हरजोत, भट्टी व सिक्की पर फंसा पेंच

इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा मोगा सीट की हो रही है, क्योंकि वहां से सोनू सूद की बहन मालविका सूद को कांग्रेस(Congress) चुनावी मैदान में उतार सकती है, ऐसे में मौजूदा विधायक डॉ. हरजोत कमल का टिकट कट सकता है। मोगा से मालविका का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा मलोट से विधायक अजायब सिंह भट्टी का टिकट भी कट सकता है, क्योंकि आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में आई बठिंडा ग्रामीण की विधायक रुपिंदर कौर रूबी को भी कांग्रेस एडजस्ट करेगी, इसीलिए माना जा रहा है कि उन्हें मलोट से पार्टी टिकट दे सकती है। खडूर साहिब से रमनजीत सिंह सिक्की का टिकट अटका हुआ है, क्योंकि खडूर साहिब से सांसद जसबीर डिंपा इस सीट से दावेदारी पेश कर रहे हैं।

बेटों के लिए मांगी टिकट:

जालंधर वेस्ट से विधायक सुशील रिंकू ही पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं। इस सीट पर मोहिंदर सिंह केपी दावा ठोक रहे थे, लेकिन बदले हालात में अब केपी आदमपुर सीट से टिकट मांग रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल का नाम लहरा सीट से ही तय माना जा रहा है, लेकिन ऐसी चर्चा है कि भट्ठल अपने बेटे राहुल इंदर भट्ठल के लिए भी टिकट मांग रही हैं। इसी प्रकार पटियाला देहाती से विधायक व कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा का नाम भी फाइनल है, लेकिन वह अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहे हैं।

लाली के समर्थन में जाखड़

गढशंकर सीट को लेकर मामला फंसा हुआ है, क्योंकि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू मिनीशा मेहता को टिकट दिलवाना चाहते हैं, जबकि सुनील जाखड़ यूथ कांग्रेस(Congress) के पूर्व प्रदेश प्रधान अमरप्रीत सिंह लाली को लेकर अड़े हुए हैं, इसलिए इस सीट को फिलहाल पेंडिंग में रखा गया है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।