हमसे जुड़े

Follow us

19.3 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home देश Jodhpur Marwa...

    Jodhpur Marwar Mahotsav 2025: जोधपुर में ‘मारवाड़ महोत्सव 2025’ का शुभारंभ, दिखी लोक संस्कृति की झलक

    Rajasthan News

    Jodhpur Marwar Mahotsav 2025: जोधपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर में सोमवार को ‘मारवाड़ महोत्सव 2025’ का रंगारंग शुभारंभ हुआ। नीले शहर और सूर्य नगरी के नाम से प्रसिद्ध जोधपुर ने एक बार फिर अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। यह दो दिवसीय आयोजन पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। Rajasthan News

    महोत्सव की शुरुआत एक भव्य हेरिटेज वॉक से हुई, जो शहर के ऐतिहासिक घंटाघर से प्रारंभ होकर उम्मेद स्टेडियम तक निकाली गई। इस वॉक में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के ऊंट दस्ते, स्कूली बच्चे, कलाकार और स्थानीय नागरिक पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर लोक नृत्य, गीत और वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनियों से माहौल उत्सवमय बन गया।

    महोत्सव के दौरान दो दिनों तक कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे — जिनमें लोक नृत्य, लोक संगीत, मूंछ प्रतियोगिता, साफा बांधने की स्पर्धा, पतंगोत्सव और हस्तशिल्प प्रदर्शनी शामिल हैं। शाम के समय आयोजित सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय एवं प्रख्यात कलाकार अपने मनमोहक प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

    बीएसएफ अधिकारी घेवरराम ने बताया कि ऐसे पारंपरिक आयोजन न केवल क्षेत्र की लोक संस्कृति को जीवित रखते हैं, बल्कि युवाओं में अपने प्रदेश के प्रति गर्व और लगाव भी बढ़ाते हैं। वहीं स्थानीय कलाकार सोनू जांगिड़ ने कहा कि यह महोत्सव जोधपुर की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करता है।

    नगर प्रशासन ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था के सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। शहरवासियों और पर्यटकों में इस महोत्सव को लेकर अपार उत्साह है, और पूरा जोधपुर इन दिनों लोक संस्कृति के रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है। Rajasthan News