हमसे जुड़े

Follow us

25.9 C
Chandigarh
Saturday, April 11, 2026
More
    Home खेल धोनी और रोहित...

    धोनी और रोहित चुने गए आईपीएल के महानतम कप्तान

    MS dhoni

    मुंबई। Khel Samachar in Hindi: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को आईपीएल इतिहास का ऑलटाइम महानतम कप्तान चुना गया है। आईपीएल के 13वें जन्मदिन के मौके पर स्टार स्पोटर्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड में यह घोषणा की गयी। रोहित के नेतृत्व में मुंबई ने चार बार जबकि धोनी के नेतृत्व में चेन्नई ने तीन बार आईपीएल का खिताब जीता है। धोनी और रोहित के अलावा बेंगलुरु के घातक बल्लेबाज एबी डीविलियर्स सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और मुंबई के तेज गेंदबाज लसित मलिंगा को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।

    चेन्नई के अनुभवी आलराउंडर शेन वाटसन ऑलटाइम सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुने गए।चेन्नई के स्टीफन फ्लेमिंग सर्वश्रेष्ठ कोच चुने गए। क्रिकेट कनेक्टेड के एपिसोड 3 में टूर्नामेंट से ग्रेटेस्ट ऑफ ऑलटाइम दिखाए गए और विजेताओं का चयन किया गया। बेंगलुरु और टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली कोहली को सर्वश्रेष्ठ भारतीय बल्लेबाज चुना गया। विराट ने आईपीएल के 177 मैचों में 37.84 के औसत से कुल 5412 रन बनाए हैं।

    जूरी को सर्वश्रेष्ठ कप्तान चुनने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जूरी धोनी और रोहित के बीच में किसी एक का चयन कर पाने में नाकाम रही और उन्होंने इन दोनों खिलाड़ियों को संयुक्त रुप से आईपीएल का महानतम कप्तान चुना। धोनी के नेतृत्व में चेन्नई ने 11 सत्रों में 10 प्लेऑफ मुकाबले खेले हैं जबकि रोहित आईपीएल के अब तक के सबसे सफल कप्तान साबित हुए हैं जिनकी कप्तानी में मुंबई ने सात सत्रों में चार बार जीत हासिल की है। सर्वश्रेष्ठ कोच की होड़ में फ्लेमिंग का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कोच ट्रेवर बेलिस से था लेकिन फ्लेमिंग ने बेहद कम अंतर से उन्हें पछाड़ दिया।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।