हमसे जुड़े

Follow us

13.4 C
Chandigarh
Sunday, February 15, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा आयुष्मान योजन...

    आयुष्मान योजना में आया विधायक का नाम, विपक्ष ने घेरा

    Name of MLA came in Ayushman scheme, opposition besieged

    2011 के सर्वे के अनुसार लिस्ट में है विधायक का नाम

    • विधायक का बेटा बोला-न कार्ड बनवाया और न ही फायदा लिया, नाम कैसे आया पता नहीं

    सच कहूँ, देवीलाल बारना कुरुक्षेत्र। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में थानेसर के विधायक सुभाष सुधा का नाम होना चर्चा का विषय बन गया है। मंगलवार देर सायं यह लिस्ट आप नेता एडवोकेट जवाहर गोयल द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल की गई, जिसमें विधायक का नाम शामिल है। ऐसे में सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही है कि आखिर विधायक का नाम इस लिस्ट में कैसे आ सकता है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर विधायक और सरकार को घेर रहे हैं। लिस्ट में विधायक का नाम किसने दर्ज कराया, विपक्ष यह मुद्दा उठा रहा है।

    हालांकि लिस्ट वायरल होने के बाद विधायक पुत्र साहिल सुधा मीडिया के सामने आए और कहा कि उन्होंने कभी इस आयुष्मान योजना के लिए अप्लाई नही किया। ऐसे में कैसे नाम लिस्ट में आया है उन्हे नही पता। वहीं विधायक पुत्र ने कहा कि बेशक आयुष्मान योजना की लिस्ट में नाम है, लेकिन उन्होने न तो कभी केवाईसी बनवाया और न ही कभी योजना का लाभ उठाया। साहिल सुधा ने कहा कि पिछले कई सालों से इंश्योरेंस कंपनी की पॉलिसी उन्होंने ले रखी है व उसी के तहत वे इलाज करवा रहे हैं।

    वहीं दूसरी ओर डीआईपीआरओ की तरफ से भी एक प्रेस नोट भेजा गया है, जिसमें डिप्टी सीएमओ रमेश सभ्रवाल ने इसमें स्पष्टीकरण दिया है कि विधायक सुभाष सुधा ने आयुष्मान के लिए आवेदन नहीं किया और न ही इसका लाभ उठाया है। भाजपा की सहयोगी पार्टी जननायक जनता पार्टी की टिकट पर थानेसर से चुनाव लड़ चुके योगेश शर्मा ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ-साथ आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुके सुमित हिंदुस्तानी ने भी स्थानीय विधायक पर खूब निशाना साधा है।

    भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कुरुक्षेत्र के मैनेजर उज्जवल ने कहा कि 2011 में सर्वे हुआ था। उस सर्वे के अनुसार लिस्ट में विधायक का नाम है। उनके पास तो सिर्फ लिस्ट आई है, नाम कैसे दर्ज है, इसका नहीं पता। वहीं उन्होंने कहा कि विधायक की तरफ से कभी केवाईसी नहीं बनवाया और न ही कभी विधायक परिवार की तरफ से कोई लाभ योजना का लिया गया है।

    आयुष्मान बनवाने के लिए लोगों को तड़पते देखा है : जजपा नेता

    जननायक जनता पार्टी की टिकट पर थानेसर से चुनाव लड चुके योगेश शर्मा ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत कार्ड बनवाना आसान नहीं है। मैंने स्वयं गरीब लोगों को कार्ड बनवाने के लिए तड़पते हुए देखा है। ऐसे में बिना अप्लाई के कैसे विधायक का आयुष्मान की लिस्ट में नाम आया है। उन्होंने खुलासा किया कि इस लिस्ट में शहर के अन्य बड़े लोगों के नाम भी हैं।

    आखिर सूची में क्यों डाला गया नाम?

    चर्चा इस बात की है कि थानेसर के विधायक 2014 से थानेसर के विधायक हैं और सर्वे 2011 का दिखाया गया है। जबकि 2009 में सुभाष सुधा थानेसर से आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। 1995 में सुभाष सुधा नगर परिषद के चेयरमैन चुने गए थे और 2005 से अब तक सुभाष सुधा की पत्नी उमा सुधा नगर परिषद थानेसर की चेयरपर्सन हैं। ऐसे में कैसे सुभाष सुधा का नाम आयुष्मान योजना की लिस्ट में डाला गया है, यह चर्चा है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।