हमसे जुड़े

Follow us

16.8 C
Chandigarh
Saturday, February 21, 2026
More
    Home देश जंग का आठवां ...

    जंग का आठवां दिन: यूक्रेन में भारतीयों को बंधक बनाने की कोई रिपोर्ट नहीं: विदेश मंत्रालय

    Ministry of External Affairs

    नई दिल्ली (एजेंसी)। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि उसे यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाये जाने संबंधी कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मीडिया के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘यूक्रेन में हमारा दूतावास वहां रहने वाले भारतीयों के लगातार संपर्क में है। यूक्रेन की सरकार के सहयोग से कल अधिकांश छात्र खारकिव से निकल गये हैं। हमें किसी को बंधक बनाये जाने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। हमने यूक्रेन की सरकार से खारकिव एवं आसपास के क्षेत्रों से हमारे छात्रों को निकाल कर पश्चिमी भाग में ले जाने के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया है।

    प्रवक्ता ने कहा कि हम रूस, रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया एवं मोल्दोवा सहित इस क्षेत्र के विभिन्न देशों से समन्वय एवं सहयोग से काम कर रहे हैं। गत दिनों में बहुत बड़ी संख्या में भारतीय लोगों को निकाल लिया गया है। बागची ने कहा कि हम यूक्रेन सरकार द्वारा की गई मदद की सराहना करते हैं। हम यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसी देशों को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने यूक्रेन से निकाले गए भारतीय छात्रों को स्वदेश लौटने के लिए विमान में सवार होने तक आश्रय दिया।

    यूक्रेन: बुखारेस्ट से मुंबई पहुंचे भारतीय

    यूक्रेन में फंसे भारतीयों का तीसरा दल गुरुवार को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट आईएक्स 1202 से भारत पहुंचे नागरिकों का स्वागत केंद्रीय रेल राज्य मंत्री राव साहेब दानवे ने किया। यात्रियों को आगे की यात्रा में सहायता के लिए भारतीय रेलवे ने हवाई अड्डे के टी-2 पर एक हेल्प डेस्क और एक विशेष आरक्षण काउंटर स्थापित किया है। लगभग 17,000 भारतीय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे हुए थे जिनमें से लगभग 4,000-5,000 को वापस लाया गया है। भारत सरकार ने नागरिकों को वापस लाने के लिए आॅपरेशन गंगा शुरू किया है।

    ऑपरेशन गंगा: भारतीय वायु सेना ने संभाला मोर्चा

    भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के तीन सी-17 विमान बुधवार रात से गुरुवार सुबह के बीच यूक्रेन में फंसे 600 से अधिक भारतीयों को लेकर गाजियाबाद के हिंडन वायुसेना स्टेशन पहुंचे। आईएएफ का पहला सी-17 विमान रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से 200 यात्रियों को लेकर बीती देर रात करीब 1:30 बजे यहां पहुंचा। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारतीय वायुसेना स्टेशन पर पहुंचे लोगों की स्वयं अगवानी की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वह भारतीय वायु सेना के चालक दल और पायलटों की चौबीसों घंटे सेवा और भारतीय नागरिकों को सुरक्षित घर वापस लाने में सरकार के प्रयासों के समर्थन के लिए बहुत आभारी हैं।

    दूसरा सी-17 विमान बुडापेस्ट से 220 भारतीयों को लेकर तड़के करीब 5:40 बजे वायुसेना स्टेशन पहुंचा। वहीं, तीसरा सी-17 विमान पोलैंड के रेजॉफ से 208 भारतीय नागरिकों को लेकर सुबह सात बजे हिंडन पहुंचा। भट्ट ने स्वदेश लौटे लोगों की अगवानी की और उनसे बातचीत की। उन्होंने सभी भारतीयों को युद्धग्रस्त यूक्रेन से स्वदेश वापस लाए जाने तक प्रयासों को जारी रखने के सरकार के संकल्प की जानकारी दी। वायुसेना के वाइस चीफ एयर मार्शल संदीप सिंह ने बुधवार को बताया कि आईएएफ यूक्रेन से चौबीसों घंटे निकासी अभियान चलाएगा। आॅपरेशन गंगा की स्थिति पर जानकारी देते हुए, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार देर रात कहा कि हंगरी, रोमानिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से बुधवार को नौ उड़ानें भरी गईं तथा छह और विमानों के जल्द ही रवाना होने की उम्मीद है। उन्होंने ट्वीट किया,’कुल मिलाकर तीन हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को वापस लाया गया है।”

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here