हमसे जुड़े

Follow us

24.4 C
Chandigarh
Thursday, March 12, 2026
More
    Home देश Rajasthan Rai...

    Rajasthan Railway News: उपरे ने मात्र 295 दिनों में हासिल की ये महत्वपूर्ण उपलब्धि

    Indian Railways

    प्राप्त किया 2,939 करोड़ रुपए का राजस्व

    North Western Railway Update: जयपुर (सच कहूं/गुरजंट सिंह धालीवाल )। उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस वित्त वर्ष 2025-26 में मात्र 295 दिनों के भीतर माल ढुलाई में 2,939 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 10 दिन पहले प्राप्त की गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे ने बेहतर परिचालन दक्षता और प्रभावी राजस्व नियोजन कर इस वित्त वर्ष 2025-26 में मात्र 295 दिनों के भीतर माल ढुलाई में 2,939 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त कर लिया है। Rajasthan Railway News

    महाप्रबंधक अमिताभ के कुशल नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे ने 20 जनवरी 2026 तक 6,690 करोड़ रुपए की अब तक की सबसे अधिक राजस्व प्राप्ति दर्ज की है, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 6,358 करोड़ रुपए थी। यह 5.22% की वृद्धि दर्शाती है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 15 दिन पहले हासिल की गई है।

    जयपुर डिविजन ने टिकट चेकिंग में बनाया रिकार्ड | Rajasthan Railway News

    वहीं, उतर-पश्चिम रेलवे के जयपुर डिविजन ने टिकट चेकिंग से होने वाली आय में नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। 2025-26 में डिविजन ने 9 महीनों के भीतर ही 24 करोड़ 76 लाख रुपए की कमाई कर ली है। यह आंकड़ा पिछले दो सालों की वार्षिक आय से ज्यादा है। 2023-24 में जयपुर डिविजन ने टिकट चेकिंग से पूरे साल में 24 करोड़ 70 लाख रुपए की आय की थी, जबकि 2024-25 में यह कमाई 22 करोड़ 6 लाख रुपए रही। डिविजन के मुताबिक- इस साल 10वां महीना पूरा होने से पहले ही पिछले सालों का रिकॉर्ड टूट गया है।

    डीसीएम जगदीश चौधरी ने बताया- रेगुलर मॉनिटरिंग, सरप्राइज़ चेक और स्टाफ की लगातार काउंसलिंग के जरिए यह रिकॉर्ड हासिल किया गया है। उन्होंने बताया कि 2025-26 के लिए टिकट चेकिंग से 27 करोड़ 41 लाख रुपए का टारगेट रखा गया है, जिसे मार्च तक अचीव कर लिया जाएगा। टिकट चेकिंग के दौरान सबसे ज्यादा अर्निंग दिल्ली रूट पर दर्ज की गई। प्रीमियम ट्रेनों में बेटिकट यात्रियों के मामले ज्यादा सामने आए। वंदे भारत, डबल डेकर, गरीब रथ और बॉम्बे सुपरफास्ट ट्रेनों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई।

    प्रतिदिन करीब 9 लाख रुपए जुर्माना वसूला | Rajasthan Railway News

    लगातार चेकिंग का असर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर भी पड़ा है। प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। लगातार चेकिंग से जयपुर डिविजन ने प्रतिदिन करीब 9 लाख रुपए तक का जुर्माना वसूला। डीसीएम जगदीश चौधरी ने बताया कि लगातार चेकिंग अभियान से जहां एक ओर रेलवे की आमदनी बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर रिजर्व कोच में सही टिकट लेकर यात्रा करने वाले पैसेंजर्स को भी राहत मिली है। बेटिकट यात्रियों पर कार्रवाई होने से ट्रेनों में भीड़ की स्थिति में भी सुधार हुआ है। जयपुर डिविजन के जयपुर, दौसा, अलवर, बांदीकुई, रेवाड़ी, रिंगस, सीकर, चूरू, लोहारू और झुंझुनूं स्टेशनों पर लगातार चेकिंग की गई। स्टेशनों के साथ-साथ ट्रेनों में भी नियमित मॉनिटरिंग की गई, इसके बाद यह टारगेट हासिल किया गया।