अब ‘सी’ व ‘डी’ खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनेंगे डिविजन स्तर पर

Hanumangarh News
छात्र-छात्राओं को तनाव से दूर रखने का प्रयास

ए और बी ग्रेड के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाये जाएंगे पंचकुला

सच कहूँ/सुनील वर्मा, सरसा। खिलाड़ियों के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट में पारदर्शिता लाने के लिए खेल विभाग ने एक अहम निर्णय लिया है। जिसके तहत अब सी और डी ग्रेड के खेल ग्रेडेशन मंडल स्तर पर बनाए जाएंगे। पहले यह सुविधा जिला स्तर पर दी जाती थी। ए और बी स्तर के प्रमाण पत्र निदेशालय की तरफ से जारी किए जाएंगे। राज्य के 22 जिलों को चार मंडलों में बांटा हुआ है। इनमें हिसार, रोहतक, गुरुग्राम और अंबाला मंडल है। हर मंडल के लिए एक डिप्टी डायरेक्टर लगाया हुआ है। अब जिला स्तर पर प्रमाण पत्र के कागजातों की जांच की जाएगी और ग्रेडेशन से संबंधित कर्मचारी और खिलाड़ियों को अपने मंडल पर जाकर प्रमाण पत्र बनवाकर लाना होगा। हालांकि इसके कारण खिलाड़ियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

सरसा, फतेहाबाद, भिवानी व चरखीदादरी के हिसार में बनेंगे खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र

विभाग द्वारा जारी निदेर्शों के मुताबिक अब सरसा के साथ-साथ फतेहाबाद, भिवानी व चरखीदादरी जिलों के खिलाड़ियों को ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनवाने के लिए हिसार जाना पड़ेगा। हिसार के महाबीर स्टेडियम कार्यालय में प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे मंगलवार को सी और डी ग्रेड के सर्टिफिकेट बनाए जाएंगे। जबकि ए और बी ग्रेड के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट पंचकुला मुख्यालय में बनेंगे।

नौकरी और शिक्षा में मिलता है लाभ

खेल विभाग की ओर से मान्यता प्राप्त खेल में यदि खिलाड़ी किसी प्रतियोगिता में मेडल हासिल करता है तो उसकी उपलब्धि के आधार पर ए,बी,सी व डी ग्रेड का ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाया जाता है। उसी ग्रेड के आधार पर खिलाड़ियों को शिक्षा, नौकरी व अन्य क्षेत्रों में फायदा होता है। हालांकि अब हिसार के अलावा चार अन्य जिलों सरसा, फतेहाबाद, भिवानी और चरखीदादरी के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनवाने वाले खिलाड़ियों को हिसार आने के लिए अपनी जेब ढिली करनी पड़ेगी।

इस मंडल के अधीन हैं ये जिले

हिसार मंडल: फतेहाबाद, सरसा, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी।
रोहतक मंडल: जींद, झज्जर, पानीपत, रोहतक, सोनीपत।
गुरुग्राम मंडल: फरीदाबाद, पलवल, नूंह, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी।
अंबाला मंडल: पंचकूला, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल।

‘‘मुख्यालय से खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनवाने संबंधी नये निर्देश मिल चुके हंै। अब ग्रेडेशन सर्टिफिकेट मंडलस्तर के कार्यालय में विभाग के डिप्टी डायरेक्टर द्वारा बनाये जाएंगे। सरसा, फतेहाबाद, भिवानी, हिसार व चरखीदादरी के खिलाड़ियों के सर्टिफिकेट हिसार के महाबीर स्टेडियम कार्यालय में बनाये जाएंगे।

लाजवंती, जिला खेल अधिकारी सरसा।