अंबाला (सच कहूँ न्यूज़)। Ambala News: बराड़ा-शाहबाद मार्ग पर स्थित अधोई गांव के जय पब्लिक स्कूल में शनिवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब बड़ी संख्या में अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वार्षिक परिणाम लेने पहुंचे परिजनों ने स्कूल परिसर में जमकर नारेबाजी की और प्रधानाचार्य पर तानाशाही व अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए। हंगामे की मुख्य वजह नियम विरुद्ध फीस वृद्धि, लेट फीस के नाम पर भारी जुर्माना और जबरन एडवांस भुगतान का दबाव बताया जा रहा है। अभिभावक रुपेश और रमेश कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने न केवल पुराने डिस्काउंट बंद कर दिए हैं, बल्कि बस किराये और तीन महीने की फीस का एडवांस भुगतान न करने पर बच्चों के परीक्षा परिणाम तक रोक लिए हैं। एक अन्य अभिभावक दीपक शर्मा ने आरोप लगाया कि पुराने छात्रों से भी अगली कक्षा में प्रवेश के नाम पर एक हजार रुपये का अतिरिक्त पंजीकरण शुल्क वसूला जा रहा है।
इधर, आरटीआई कार्यकर्ता समीर बक्शी ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि स्कूल एनसीईआरटी के नियमों की अनदेखी कर चुनिंदा दुकानों से किताबें और वर्दी खरीदने का दबाव बना रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री विंडो पर शिकायत भेजने के लिए अभिभावकों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र तैयार किया गया है।
दूसरी ओर, स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम जैन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि फीस सीबीएसई के मानकों के अनुरूप ही ली जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अभिभावक शांति से बैठकर चर्चा करेंगे, तभी समस्याओं का समाधान संभव है। Ambala News
अधिकारी का पक्ष: मामला अभी संज्ञान में आया है। बिना विभाग की अनुमति और फॉर्म-6 भरे कोई भी स्कूल फीस नहीं बढ़ा सकता। इस प्रकरण की गहनता से जांच की जाएगी।— सुधीर कालड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।
यह भी पढ़ें:– सरकारी ड्यूटी में बाधा व पुलिसकर्मी से मारपीट करने के मामले में रतिया पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार















