भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा का आयोजन
हनुमानगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती (150th birth anniversary of Lord Birsa Munda) के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला मुख्यालय पर जंक्शन स्थित अम्बेडकर चौक से सिविल लाइंस स्थित सामुदायिक भवन तक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, विधायक गणेश राज बंसल व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू की ओर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। Hanumangarh News
इस मौके पर भाजपा नेता अमित सहू, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, विकास शर्मा, ओम सोनी, प्रकाश तंवर, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी-जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शोभायात्रा में युवा तिरंगा थामे शामिल हुए। इस दौरान जनजातियों के जागरण के लिए बिरसा मुंडा की ओर से किए गए कार्य को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की ओर से रास्ते में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चौक पर बाबा साहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी भी रहे
इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजाति, देश, राष्ट्र, धर्म व स्वाभिमान के लिए जो कुछ किया वह अविस्मरणीय है। भगवान बिरसा मुंडा हम सबके प्रेरणास्त्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलने का सभी को संकल्प लेना चाहिए। भाजपा नेता विकास शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी भी रहे। 1875 में जन्मे बिरसा मुंडा ने आदिवासियों के उत्थान के लिए भरसक प्रयत्न किए।
जिन भ्रांतियों के अन्दर आदिवासी समाज को अंग्रेजों और मिशनरियों की ओर से भटकाया जा रहा था, उन आदिवासियों को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का काम बिरसा मुंडा ने किया। आदिवासियों को जमीन और जंगल से जुड़ने का आह्वान किया। आदिवासी समाज के उत्थान, देशभक्ति के गुणगान और देश के लिए अपना समर्पण करने के लिए लोगों ने बिरसा मुंडा को लोकदेवता माना और उन्हें भगवान बिरसा मुंडा की उपाधि से नवाजा। Hanumangarh News















