हमसे जुड़े

Follow us

16.3 C
Chandigarh
Tuesday, February 3, 2026
More
    Home सरसा Strike: बर्खा...

    Strike: बर्खास्त पटवारियों की बहाली की मांग पर अड़े पटवारी-कानूनगो, हड़ताल जारी

    Sirsa News
    Sirsa News: ई-दिशा केंद्र में भटकते लोग।

    1400 से ज्यादा इंतकाल अटके, पटवारियों की हड़ताल से सरसा में बढ़ी परेशानी, राजस्व सेवाएं ठप

    सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: बर्खास्त पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर पटवारी और कानूनगो लगातार पांचवें दिन भी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते जिले भर में राजस्व कार्य ठप पड़े हैं और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटवार भवनों में ताले लटके होने से प्रमाण पत्रों और जमीन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों के लिए लोग भटकने को मजबूर हैं। मंगलवार को भी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन का धरना लघु सचिवालय के समक्ष जारी रहा। धरने की अध्यक्षता एसोसिएशन प्रधान लाभ सिंह ने की। Sirsa News

    जिले के 63 पटवारी और 31 कानूनगो हड़ताल पर होने के कारण पटवार भवन में सभी कार्यालय बंद पड़े हैं। इससे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर, इंतकाल और अन्य भूमि संबंधी कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। एसोसिएशन प्रधान लाभ सिंह ने कहा कि जब तक बर्खास्त पटवारियों को बहाल नहीं किया जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार तक आंदोलन जारी रहेगा, इसके बाद अगली रणनीति तय की जाएगी।

    1400 से अधिक इंतकाल लंबित | Sirsa News

    बीते शुक्रवार से पटवारी हड़ताल पर हैं। एक पटवारी पर 10 से 12 गांवों की जिम्मेदारी होने के कारण आमजन की परेशानियां और बढ़ गई हैं। परिवार पहचान पत्र, डोमिसाइल, स्कूल से संबंधित दस्तावेज, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कागजातों पर हस्ताक्षर नहीं हो पा रहे हैं। हड़ताल के चलते 1400 से अधिक इंतकाल, 400 से ज्यादा गिरदावरी, जमीन के नक्शे और लोन से संबंधित फाइलें लंबित पड़ी हैं। ई-दिशा केंद्रों पर भी पटवारी न होने से लोग अधूरी फाइलें लेकर लौटने को मजबूर हैं।

    दो-तीन दिन से काट रहे चक्कर

    पटवार भवन पहुंचे नेजाडेला निवासी सोनू ने बताया कि वह डोमिसाइल प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करवाने आया था, लेकिन पटवारी नहीं मिले। जानकारी लेने पर हड़ताल की बात पता चली। वहीं प्रदीप कुमार ने बताया कि वह इंतकाल के काम के लिए दो-तीन बार पटवार भवन आ चुके हैं, लेकिन हर बार ताले लगे मिले और खाली हाथ लौटना पड़ा।

    यह भी पढ़ें:– अलीपुर में नाला बंद होने से जलभराव, ग्रामीणों ने लगाए आरोप