हमसे जुड़े

Follow us

17.2 C
Chandigarh
Wednesday, February 4, 2026
More

    Chamoli PM-FME Yojana: चमोली में पीएम-एफएमई योजना बनी संजीवनी, स्वरोजगार को मिला प्रोत्साहन

    Chamoli PM-FME Yojana

    Central Government Scheme: चमोली। केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकता योजना’ (पीएम-एफएमई) जनपद चमोली में छोटे एवं घरेलू खाद्य व्यवसायियों के लिए परिवर्तनकारी पहल बनकर उभर रही है। यह योजना स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। Chamoli PM-FME Yojana

    पीएम-एफएमई योजना का उद्देश्य असंगठित सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को संगठित ढांचे से जोड़ना, उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना तथा आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करना है। पात्र लाभार्थियों को 35 प्रतिशत तक की ऋण-संबद्ध अनुदान (क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी) प्रदान की जाती है। इससे उद्यमी नई मशीनरी स्थापित कर पा रहे हैं, उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर रहे हैं और उत्पादों की गुणवत्ता को बेहतर बना रहे हैं।

    योजना के अंतर्गत पारंपरिक खाद्य सामग्री को विशेष प्रोत्साहन

    इस योजना के अंतर्गत अचार, मसाला निर्माण, बेकरी उत्पाद, दाल प्रसंस्करण, दुग्ध उत्पाद, मोटे अनाज (मिलेट्स) तथा स्थानीय पारंपरिक खाद्य सामग्री को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। साथ ही, लाभार्थियों को प्रशिक्षण, ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और विपणन संबंधी सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके उत्पाद व्यापक बाजार तक पहुंच सकें।

    योजना की प्रमुख विशेषता ‘एक जिला–एक उत्पाद’ (ओडीओपी) पहल है, जिसके माध्यम से प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पाद को पहचान और प्रोत्साहन दिया जाता है। चमोली जैसे पर्वतीय क्षेत्र में यह पहल स्थानीय संसाधनों के समुचित उपयोग और रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बन रही है। इससे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आजीविका के अवसर मिल रहे हैं तथा पलायन की समस्या में कमी आने की आशा है। Chamoli PM-FME Yojana

    योजना से लाभान्वित उद्यमी देवराज सिंह ने बताया कि सरकारी सहयोग से उन्होंने मसाले, आटा और अन्य स्थानीय उत्पादों का निर्माण एवं विक्रय आरंभ किया है। उनका कहना है कि अनुदान सहायता मिलने के बाद उनका व्यवसाय निरंतर प्रगति कर रहा है और आय में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने इस योजना को छोटे उद्यमियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। सरकार का विश्वास है कि पीएम-एफएमई योजना सूक्ष्म उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाएगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्त्वपूर्ण योगदान देगी। Chamoli PM-FME Yojana