हमसे जुड़े

Follow us

16.1 C
Chandigarh
Sunday, March 1, 2026
More
    Home देश Jharkhand: &#...

    Jharkhand: ‘रिजल्ट जारी करो या फांसी दो’ ! छात्रों ने जेपीएससी कार्यालय घेरा

    Jharkhand News

    रांची में जेपीएससी परिणाम जारी करने को लेकर छात्र हुए उग्र

    11th JPSC MAINS RESULT: रांची। “रिजल्ट जारी करो या फांसी दो” जैसे तीव्र नारों के साथ मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन कर रहे छात्र कई महीनों से लंबित झारखंड सिविल सेवा मुख्य परीक्षा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणामों की घोषणा की मांग कर रहे हैं।

    आयोग कार्यालय के समीप स्थित ओल्ड जेल चौक पर छात्र संगठन का एक समूह पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा है। भूख हड़ताल कर रहे छात्रों की सेहत बिगड़ने लगी है, जिसे देखते हुए राज्यभर से अनेक अभ्यर्थी व उनके परिजन मंगलवार को आंदोलन में सम्मिलित हुए।

    छात्र संघ की पीड़ा: 10 माह से लटका है भविष्य

    झारखंड राज्य छात्र संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा का आयोजन 10 माह पूर्व हुआ था। आयोग की तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. मेरी नीलिमा केरकेट्टा ने अगस्त 2024 में ही परिणाम तैयार हो जाने की बात कही थी, परंतु अब तक परिणाम जारी नहीं हुआ है। अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चितता में है। मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक से निवेदन किया जा चुका है, पर किसी के पास यह स्पष्ट उत्तर नहीं है कि परिणाम कब जारी होगा। छात्रों की मांग है कि यदि आयोग परिणाम नहीं जारी कर सकता, तो हमें मृत्युदंड दे दे।

    मुख्यमंत्री का बयान: आयोग स्वायत्त संस्था

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आंदोलन से जुड़े प्रश्न पर कहा कि जेपीएससी एक स्वायत्त निकाय है, और राज्य सरकार इसके कार्यों में प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं कर सकती। उन्होंने विश्वास जताया कि आयोग शीघ्र ही परिणाम प्रकाशित करेगा।

    जेपीएससी की 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा का विज्ञापन जनवरी 2024 में प्रकाशित हुआ था। मार्च में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 3.5 लाख से अधिक अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। 22 अप्रैल को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, जिसके आधार पर 7,011 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया।

    मुख्य परीक्षा 22 से 24 जून, 2024 के बीच आयोजित हुई थी। इस प्रक्रिया के तहत कुल 342 पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित है। जेपीएससी के वार्षिक कैलेंडर के अनुसार, यह परिणाम अगस्त 2024 तक प्रकाशित किया जाना था। हालांकि, अगस्त में ही आयोग की तत्कालीन अध्यक्ष सेवानिवृत्त हो गईं और छह माह तक यह पद रिक्त रहा।

    नई नियुक्ति से जगी थी उम्मीद, फिर भी परिणाम लंबित

    27 फरवरी 2025 को सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एल. खियांग्ते को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। इससे अभ्यर्थियों को यह उम्मीद जगी थी कि लंबित परिणाम शीघ्र जारी होगा। हालांकि, अब तक लगभग ढाई माह बीत चुके हैं, और परिणाम अभी भी अधर में है। इसके कारण जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा का विज्ञापन भी जारी नहीं हो पा रहा है। Jharkhand News

    CBSE Result 2025: पीएम मोदी ने सीबीएसई के ‘धुरंधरों’ को उनकी सफलता पर दी बधाई