रिटायर्ड फौजी ने पुत्रवधू व किरायेदार के परिवार को उतारा मौत के घाट

जघन्य हत्याकांड को अंजाम देकर थाने पहुंचा हत्यारा

सच कहूँ /संजय मेहरा
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में एक रिटायर फौजी ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार अलसुबह उसने अपनी पुत्रवधू समेत चार लोगों की हत्या कर दी। हमला तो उसने पांच लोगों पर किया था, जिसमें दो बच्चियां भी शामिल हैं। लेकिन एक बच्ची बुरी तरह घायल है। इस जघन्य वारदात अंजाम देकर आरोपी ने थाने में आत्मसमर्पण किया। बताया जा रहा है कि पुत्रवधू के किरायेदार से अवैध संबंधों के शक में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। मौके पर पहुंचे डीसीपी दीपक सहारण ने बताया कि इस हत्याकांड की बारीकी से जांच की जा रही है।
मंगलवार की अलसुबह राव राय सिंह नामक एक व्यक्ति खून से सने कपड़ों के साथ राजेंद्रा पार्क पुलिस थाने में पहुंचा। उसकी हालत देखकर पुलिसकर्मियों को लगा कि उस पर किसी ने हमला किया है।

घटना में एक बच्ची गंभीर रूप से घायल

इससे पहले कि पुलिस उससे कुछ पूछती, उसने खुद ही बताना शुरू कर दिया कि उसने अपनी पुत्रवधू सुनीता यादव, किरायेदार कृष्ण तिवारी, उसकी पत्नी अनामिका तिवारी, उनकी नौ साल की बेटी सुभि तिवारी और तीन साल की बेटी निधि तिवारी की हत्या कर दी है। इस सूचना के साथ ही पुलिस के भी होश उड़ गये। कुछ पुलिसकर्मियों ने राव राय सिंह को काबू किया और कुछ देर बाद उसके घर पहुंचे। मौके पर जाकर देखा तो सब लहुलुहान थे। चार की तो मौत हो चुकी थी, वहीं तीन साल की बच्ची निधि तिवारी की सांसें चल रही थी। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। राव राय सिंह ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम क्यों दिया, इसका अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया है। हां, यह चर्चाएं जरूर हैं कि पुत्रवधू के किराएदार से अवैध संबंध के चलते जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है। कृष्ण तिवारी अपने परिवार के साथ राव राय सिंह के मकान में पिछले ढाई साल से किराये पर रह रहा था।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।