भगवंत मान के रंग में रंगा सुखबीर का जलालाबाद

Published On

ChandiGarh, Ashwani Chawla: विकास की लहर में सुखबीर बादल का जलालाबाद भगवंत मान के रंग में रंगता नजर आ रहा है। कुछ महीने पहले आप नेता सुखबीर के खिलाफ चुनाव लड़ने से भयभीत थे, लेकिन मौजूदा समीकरण से प्रतीत हो रहा है कि भगवंत मान बड़े अंतर से चुनाव जीतने वाले हैं। इसे मान की लहर कहें या फिर उनके चुटकुलों को सुनने के लिए पहुंचे रहे लोगों का इक्ट्ठ। भगवंत मान की जनसभा में लोगों का इक्ट्ठ इस तरह उमड़ रहा है कि लोगों को बैठने के लिए जगह नहीं मिल रही। यही नहीं लोग छतों पर भी चढ़कर मान के प्रचार को सुन रहे हैं। जलालाबाद में आम आदमी पार्टी से उम्मीदवार भगवंत मान पिछले एक महीने से प्रचार कम और सुखबीर बादल व उनके विकास मॉडल के खिलाफ ज्यादा प्रचार कर रहे हैं। मान का अपना अलग ही लहजा है, जिस कारण उन्हें सुनने के लिए तो भीड़ उमड़ रही है और खूब तालियां भी बज रही हैं। जलालाबाद से अभी तक सुखबीर बादल ने अपनी टिकट का ऐलान नहीं किया।

तकड़ी पर झाडू चलेगी
भगवंत मान ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुखबीर बादल पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि जलालाबाद से सुखबीर बादल तो क्या अब चाहे ओबामा आ जाये, जलालाबाद की गलियों व गांवों में तो अब झाडू ही चलेगी।

सुखबीर जी, जल्दी करो सीट का ऐलान?
सुखबीर बादल ने अभी तक जलालाबाद से खुद की टिकट का ऐलान नहीं किया। मान ने इसी बात को मुद्दा बनाकर प्रचार किया और कहा कि सुखबीर जी, अपनी सीट का ऐलान जल्दी करो, क्योंकि मैंने पोस्टर भी छपवाने है?

कांग्रेस ही जीतेगी : अमरेन्द्र
पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिन्दर सिंह ने दावा किया है कि चाहे जलालाबाद से उम्मीदवार ऐलान करने में कुछ देरी हो रही है लेकिन कांग्रेस ही जलालाबाद सीट जीतेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही पंजाब की दूसरी सीटों के साथ ही जलालाबाद से उम्मीदवार का ऐलान कर दिया जाएगा।

About The Author

Related Posts