सम्पूर्ण समाधान में पहुंचे विभिन्न मामलों से सम्बंधित 21 प्रार्थना-पत्र, दो समस्याओं का अफसरों ने मौके पर किया निस्तारण
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: तहसील मुख्यालय पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार अर्जुन चौहान ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान विभिन्न मामलों से सम्बंधित 21 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शनिवार को तहसील मुख्यालय पर स्थित सभागार कक्ष में फरवरी माह के प्रथम सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता तहसीलदार अर्जुन चौहान ने की। इस दौरान जमीनी विवाद, चकमार्गों पर अवैध कब्जे, नालियों की सफाई, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और जल निकासी से सम्बंधित 21 शिकायती प्रार्थना-पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किये गए। इनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को शीघ्र निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागों को प्रेषित कर दिया गया। Kairana News
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सतीश यादव, आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल सिंह व शौदान सिंह, एडीओ पंचायत राहुल पंवार, लेखपाल अनुराग पंवार, मुज्जकिर खान, शमशेर सिंह, विजित पंवार, अंकित गालियां आदि मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भी जारी रहा नोटिस निस्तारण का कार्य
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन(एसआईआर) के तहत कैराना विधानसभा क्षेत्र के कुल 17,334 मतदाताओं को गणना प्रपत्र जमा न करने अथवा पूर्ण दस्तावेज उपलब्ध न कराने के चलते नोटिस जारी किए गए है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कैराना विधानसभा में जारी नोटिस की सुनवाई हेतु एक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी(ईआरओ) तथा दस सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी(एईआरओ) नियुक्त किये गए है।
विगत 22 जनवरी से नोटिस की सुनवाई का कार्य निरंतर चल रहा है। जोकि शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भी जारी रहा। इस दौरान अपने दस्तावेजों के साथ में तहसील मुख्यालय पर पहुंचे अपीलार्थियों के नोटिस निस्तारण का कार्य भी सम्बंधित सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के द्वारा किया गया। निर्वाचन आयोग ने एसआईआर से सम्बंधित दावे व आपत्तियों पर सुनवाई की तिथि को छह फरवरी से बढ़ाकर छह मार्च कर दिया है। Kairana News
यह भी पढ़ें:– सांसद धर्मबीर ने भिवानी के पंचायत भवन में 72 लाख के 24 ट्रैक्टर ग्राम पंचायतों को किए वितरित















