आप विधायकों की खरीदो फरोख्त में ठाकुर भी शामिल : अंगुराल

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों शीतल अंगुराल और रमन अरोड़ा ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आॅपरेशन लोटस से जुड़े मामले में मोहाली सतर्कता कार्यालय पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए हैं। पंजाब विधानसभा में आज विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जालंधर से आप विधायक शीतल अंगुराल ने यह जानकारी दी। बयान दर्ज करवाकर सतर्कता ब्यूरो से बाहर निकले अंगुराल ने दावा किया कि इस खेल में हिमाचल से भाजपा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हैं। इससे पहले वह इसी मामले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का नाम ले चुके हैं। दोनों विधायकों ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के दो वकीलों ने उनसे संपर्क कर भाजपा में शामिल होने पर 25-25 करोड़ रुपए दिलाने का आॅफर दिया था। अंगुराल और अरोड़ा ने अधिवक्ता के नाम नहीं बताए जिन्होंने उनसे संपर्क किया था। अरोड़ा ने सतर्कता अधिकारियों को वह नंबर दे दिया, जिससे उन्हें कॉल आई थी।

दो वकीलों ने उनसे संपर्क कर भाजपा में शामिल होने का दिया था आॅफर

मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्तमंत्री हरपाल चीमा और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल आरोप लगा चुके हैं कि भाजपा पंजाब में उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। इन नेताओं ने दावा किया था कि खुद आप विधायकों ने बताया है कि उन्हें आप छोड़कर भाजपा में शामिल हाने के बदले में 25-25 करोड़ रुपए आॅफर किए जा रहे हैं। विधायकों के आरोपों के बाद पंजाब सरकार ने मामले की जांच पंजाब सतर्कता ब्यूरो को सौंप दी। ब्यूरो ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए इसकी जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाई है। सोमवार को दोनों विधायकों ने इसी एसआईटी के सामने अपने बयान दर्ज कराए। अंगुराल ने कहा कि उनसे दो लोगों ने संपर्क किया। दोनों ने खुद को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का अधिवक्ता बताया। दोनों ने खुद को भाजपा के संपर्क में बताया और कहा कि वह उन्हें केंद्रीय मंत्री ठाकुर से मिलवाएंगे। उसके बाद शाह से मिलवाया जाएगा। भाजपा में शामिल होने पर उन्हें 25 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

25-25 करोड़ रुपए आॅफर करने के आरोप

अंगुराल ने स्वीकार किया कि उनकी ठाकुर से सीधी कोई बात नहीं हुई और उनसे संपर्क करने वाले शख्स ने ही ठाकुर का नाम लिया था। उनसे संपर्क करने वाले वकीलों के नाम पूछने पर अंगुराल ने कि सतर्कता मुख्यालय में एसआईटी के पास सब कुछ दर्ज करवा दिया है। वह यहां उनके नाम नहीं बता सकते। विधायक अंगुराल ने कहा कि जिन दलालों ने उनसे संपर्क किया, उनकी आॅडियो उनके पास है। उन्होंने आॅडियो और बातचीत के सारे सुबूत एसआईटी को सौंप दिए हैं। अंगुराल ने कहा कि सतर्कता अधिकारी पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय बार काउंसिल से दलाल बने वकीलों का डाटा लेने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि पंजाब सरकार ने भाजपा पर आॅपरेशन लोटस के तहत उसके 25 विधायकों को भाजपा में शामिल होने के बदले में 25-25 करोड़ रुपए आॅफर करने के आरोप लगाए थे। एफआईआर में हालांकि 10 विधायक ही शिकायतकर्ता बने।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।