यमुना नदी के तटबंधों को लेकर केन्द्र सरकार के मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश….

Yamuna River
Yamuna River यमुना नदी के तटबंधों को लेकर केन्द्र सरकार के मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश....

प्रतापनगर, सच कहूं राजेंद्र कुमार। भारत सरकार के रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने शनिवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ हथनीकुंड बैराज का निरीक्षण कर वहां पानी के बहाव की स्थिति का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण यमुना नदी के तटबंधों के आस-पास कई स्थानों पर भूमि कटाव एवं जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यमुना नदी के तटबंधों को और अधिक मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की क्षति को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और किसानों की सुरक्षा एवं हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र तथा राज्य सरकार मिलकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करेंगी।

India Pakistan Asia Cup Match: भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर मोदी सरकार का आया बड़ा बयान, देश में मचा कोहराम

राज्य मंत्री ने ग्रामीणों एवं किसानों से संवाद करते हुए कहा कि अधिक वर्षा के कारण जिनका फसल या संपत्ति का नुकसान हुआ है, उन्हें किसी भी स्थिति में सहायता से वंचित नहीं रखा जाएगा। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय पर राहत सामग्री एवं आर्थिक सहयोग पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने स्वयं मंत्रियों की ड्यूटी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगाई है और इसी क्रम में वे यमुनानगर पहुंचे हैं ताकि प्रत्यक्ष रूप से स्थिति का आंकलन कर प्रभावित नागरिकों की समस्याओं को जाना जा सके।
राज्य मंत्री ने आगे कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत सामग्री एवं मुआवजा पहुंचाया जाए और जिन क्षेत्रों में भूमि कटाव हुआ है वहां स्थायी समाधान हेतु ठोस योजना बनाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि देश और प्रदेश की सरकारें मिलकर इस मुश्किल घड़ी में ग्रामीणों और किसानों की मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्य मंत्री ने गांव नत्थनपुर के ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और समाधान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि इस समय राज्य के लोग बरसात के कारण हुई असामान्य परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। जलभराव और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए हरियाणा सरकार पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रही है। कंवर पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पहले ही नुकसान के मानक तय करते हुए घोषणा की है कि प्रभावित किसानों को फसल खराब होने का मुआवजा दिया जाएगा। इसी प्रकार जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनकी भरपाई भी सरकार द्वारा की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी प्रभावित नागरिक को राहत से वंचित नहीं रखा जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार सदैव किसानों के साथ खड़ी है और किसान हित में अनेक कदम उठाए गए हैं। भाजपा सरकार किसानों के कल्याण हेतु आगे भी लगातार कार्य करती रहेगी। उन्होंने बताया कि बरसाती पानी के कारण जिले के विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति अवश्य पैदा हुई थी, परंतु अब प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है।

इस अवसर पर यमुनानगर के उपायुक्त पार्थ गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, अप्पर यमुना नदी बोर्ड के चेयरमैन रवि भूषण, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता रवि शंकर मित्तल, कार्यकारी अभियंता विनोद कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता विजय गर्ग, एसडीओ नवीन, रूबन एवं नमित, मार्केट कमेटी यमुनानगर के चेयरमैन बलविंद्र मुजाफत, मंडलाध्यक्ष अमित देवधर, पूर्व मंडलाध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा, कलेसर गांव के सरपंच रविन्द्र, कोलीवाला के सरपंच अमित, हथनीकुंड के सरपंच अकरम तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सुरेन्द्र सिंगला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।