हमसे जुड़े

Follow us

16.7 C
Chandigarh
Wednesday, January 21, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा दंपति ने पेश ...

    दंपति ने पेश की गौ सेवा की बड़ी मिसाल: करीब 2 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति की गौशाला के नाम

    Cow Service sachkahoon

    सच कहूँ/राजू, ओढां। गांव बनवाला निवासी एक दंपति ने गौ सेवा (Cow Service) की एक बड़ी मिसाल पेश की है। इस कार्य पर लोग यही कह रहे हैं कि दानी हो तो पुरखा राम जैसा। गौशाला कमेटी ने पुरखा राम व उसकी पत्नी गुड्डी देवी को सम्मानित किया है। दरअसल गांव बनवाला निवासी पुरखा राम सिहाग एक किसान है। घर में कोई संतान न होने के चलते पुरखा राम व उसकी पत्नी गुड्डी देवी दोनों अकेले रहते हैं।

    पुरखा राम ने अपनी पत्नी से विचार विमर्श किया कि जब ईश्वर ने उनके नसीब में औलाद लिखी ही नहीं तो इस संपत्ति का वे क्या करेंगे। इस बात पर पुरखा राम की पत्नी ने कहा कि गांव में गौशाला है और गौ सेवा से बढ़कर कोई सेवा भी नहीं है। इसलिए क्यों न वे अपनी पूरी संपत्ति गौशाला को दान कर दें। अपनी पत्नी की ये बात सुनकर पुरखा राम ने विचार-विमर्श उपरांत अपनी संपत्ति गौशाला के नाम करने का फैसला लिया।

    पुरखा राम ने अपनी पत्नी के साथ गौशाला में पहुंचकर अपनी करीब 7 एकड़ जमीन व पूरे घर की वसीयत गौशाला के नाम कर दी। पुरखा राम की चल-अचल संपत्ति की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। पुरखा राम व उनकी पत्नी दोनों ने वसीयत के अलावा अलग-अलग शपथ पत्र भरकर गौशाला कमेटी को सौंपे हैं। उन्होंने बयान किया कि अगर दोनों में से एक की मृत्यु हो जाती है तो वे इस संपत्ति पर किसी तरह का कोई दावा या हक नहीं जताएंगे।

    ऐसे मिली प्रेरणा

    पुरखा राम व गुड्डी देवी दोनों धार्मिक विचारों के हैं। लेकिन उनकी गौशाला में काफी आस्था है। पुरखा राम की पत्नी पिछले लंबे समय से हर रोज गौशाला में गौ सेवा (Cow Service) में भाग लेती रही है। बस यहीं से उनके मन में गौ सेवा जागृत हुई। गुड्डी देवी ने बताया कि वह जब खुले में गौवंश घूमता देखती है तो उसे बड़ा दु:ख होता है। उसकी यही इच्छा है कि उनकी पूरी संपत्ति गौवंश की देखरेख में खर्च की जाए। गौ सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। हालांकि गांव में काफी दानी हुए हैं, लेकिन पुरखा राम व गुड्डी देवी का नाम दानियों की श्रेणी में सबसे ऊपर है।

    ‘‘वैसे तो गांव में दानियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन पुरखा राम व उनकी पत्नी का नाम महा दानियों में गिना जाएगा। इस दंपति ने गौ सेवा की मिसाल पेश की है। इस कार्य पर गौशाला कमेटी ही नहीं बल्कि पूरा गांव पुरखा राम की प्रशंसा कर रहा है। मैं तो यही कहूंगा कि गौ सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। पूरखा राम ने जो कार्य किया है इस पर पूरे गांव को गर्व है।

    साहब राम शर्मा, सचिव (गौशाला कमेटी)

    ‘‘पुरखा राम व गुड्डी देवी ने वो महान कार्य किया है जिसके चलते आने वाले समय में भी उनको महा दानियों रूप में याद रखा जाएगा। गौ सेवा (Cow Service) वो महान सेवा है जो इंसान को मोक्ष पद प्रदान करती है। मैं गौवंश-गौशाला सेवा संघ की ओर से उक्त दंपति के कार्य की सराहना करता हूं। गांव बनवाला को ही नहीं बल्कि पूरे गौशाला संघ को ऐसे महा दानियों पर नाज है।

    योगेश बिश्नोई, जिलाध्यक्ष (गौवंश-गौशाला सेवा संघ)।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here