हमसे जुड़े

Follow us

21 C
Chandigarh
Sunday, March 1, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा किसानों की मा...

    किसानों की मांगें जायज, हम किसानों की मांगों का करते हैं पूर्ण समर्थन : हुड्डा

    Bhupinder Singh Hooda

    चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रतिपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि किसानों की मांगें पूरी तरह जायज होने के कारण कांग्रेस उनकी मांगों का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने प्रदेश वासियों से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों की हर संभव मदद के लिए आगे आने की अपील की। हुड्डा ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब या हरियाणा के अलग-अलग इलाकों से दिल्ली की तरफ जाने वाले किसानों को खाने-पीने की व्यवस्था की जाये तथा उनके ठहरने और सोने के लिए भी तमाम प्रबंध किए जाएं। भरी ठंड में पानी की बौछारों या आंसू गैस के गोलों की वजह से प्रभावित किसानों को डॉक्टरी सहायता या इलाज में हर संभव मदद पहुंचाई जाए।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार तानाशाही तरीके से किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। लोकतंत्र में हर नागरिक और हर एक वर्ग को अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर किसानों से बातचीत करनी चाहिए और जल्द से जल्द उनकी मांगों को मानना चाहिए। किसानों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और वो इन मांगों का पूर्ण समर्थन करते हैं। एमएसपी की गारंटी के बिना नये कृषि कानून किसान हित में नहीं हो सकते।

    प्रतिपक्ष के नेता ने कहा कि सरकार के जुबानी आश्वासन पर किसानों को भरोसा नहीं है। इसलिए वो इसे कानून की शक्ल देने की मांग कर रहे हैं। लेकिन, सरकार ऐसा करने से पीछे हट रही है। इसलिए किसानों को सरकार की मंशा पर संदेह है। हमने हर मंच से सरकार के सामने पहले भी ये मांगें रखी थी और आगे भी रखेंगे; लेकिन सरकार लगातार इन जायज मांगों की अनदेखी कर रही है। यही वजह कि मजबूरन किसानों को महामारी के इस दौर में भी अपनी मांगे मनवाने के लिए सड़कों पर आना पड़ा।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।