क्षेत्र में दिनों दिन बढ़ रहा है हड्डारोड़ी में रहने वाले खुंखार कुत्तों का आतंक
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: आवारा कुत्तों का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। कुछ ऐसा ही मामला फूलकां गांव में सामने आया है, जहां एक खुंखार कुत्ते ने साढ़े 4 वर्षीय मासूम को बुरी तरह से नोंच डाला। गनीमत रही कि यह वारदात गांव के गेट पर हुई, जिसके चलते घरवालों ने तत्काल शोर मचाते हुए बड़ी मुश्किल से बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ा लिया। मासूम के शरीर पर कई गहरे घाव देखने को मिले हैं। परिजनों ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फूलकां निवासी इंद्रपाल कुलड़िया ने बताया कि गत दिवस उसका साढ़े चार वर्षीय बेटा हर्षित घर के मुख्य द्वार पर अपनी दादी के साथ खेल रहा था।
जैसे ही दादी घर में आई तो उसी दरमियान एक खुंखार कुत्तिया ने बच्चे पर हमला बोल दिया। कुत्तिया ने पहले उसके हाथ पर काटा, जिसके बाद टांग पर दांतों से इस कदर जकड़ लिया कि बच्चे को घसीटते हुए पास के खेतों की ओर जाने लगी। घर वालों ने जब यह देखा तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान पास में बनी चौपाल पर बैठे लोग भी दौड़कर वहां पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद कुत्तिया के मुंह से बच्चे की टांग छुड़वाई। इंद्रपाल ने बताया कि बच्चे के शरीर पर कई गहरे घाव हैं। परिजनों ने बच्चे को तुरंत नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
हड्डारोड़ी बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत | Sirsa News
बता दें कि फूलकां में पिछले करीब 15 वर्षों में आबादी बढ़ने के चलते गांव का काफी फैलाव हो चुका है। गांव की पूर्व दिशा में बनी हड्डारोडी अब आबादी एरिया को टच करने लगी है, जिससे हड्डारोडी में रहने वाले खुंखार कुत्ते अकसर लोगों को अपना निशाना बनाते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ताजा वारदात में भी हड्डारोडी की कुत्तिया थी, जो घटना के बाद इसी दिशा में भाग निकली थी। बेशक सरसा नगरपालिका द्वारा शहर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है, किंतु ग्रामीण क्षेत्र में ऐसी कोई पहल अभी तक नजर नहीं आई है।
यह भी पढ़ें:– Fatehgarh Sahib Police: फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने चोरी और गुम हुए 300 मोबाइल फोन असल मालिकों को सौंपे















