
बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस ने बनाई विशेष टीमें
मोगा (सच कहूँ/विक्की कुमार)। Moga News: जिले के कस्बा बाघापुराना में बीते शुक्रवार को पत्तो हीरा सिंह वाला गांव के सरपंच हरविंदर सिंह उर्फ हैपी की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ बब्बलू को लद्दाख से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अब मोगा लाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बाघापुराना पुलिस ने जसविन्द्र सिंह के बयान के आधार पर मनप्रीत सिंह उर्फ बब्बलू, जोबनप्रीत सिंह, जसवंत सिंह (गांव जैमलवाला), जस्करण सिंह उर्फ जश्सू शर्मा (गांव पत्तो हीरा सिंह) और छह अज्ञात व्यक्तियों सहित कुल दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। यह घटना 6 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे कोटकपूरा रोड पर हुई थी। स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुने गए सरपंच हैपी पर पुरानी रंजिश के चलते 10 से अधिक राउंड फायर किए गए। गोलियों की आवाज से पूरे कस्बे में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल सरपंच को नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। Moga News
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी मोगा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ भी की। एसएसपी अजय गांधी ने भरोसा दिलाया था कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसी दौरान चंडीगढ़ पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ बब्बलू को लद्दाख से गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें:– Harvinder Kalyan: विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण व चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण की माता प्रेम कौर कल्याण का निधन














