जरूरतमंद के बीच खुशियां बांटने के लिए नगर परिषद ने शुरू की मुहिम

अनुपयोगी सामग्री दान करने के लिए नगर परिषद ने खोले मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र

Hanumangarh Municipal Council Campaign: हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक नगर पालिका में मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्रों की स्थापना की गई है। हनुमानगढ़ नगर परिषद की ओर से जंक्शन बस स्टैंड में रैन बसेरे की स्थापना की गई है। इस रैन बसेरे में चल रहे मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र के अंतर्गत नगर परिषद की ओर से खुशियां बांटो अभियान चलाया जा रहा है। वहीं टाउन में नगर पालिका के पुराने भवन में मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र शुरू किया है। टाउन धानमण्डी भी मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र खोला जा रहा है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति अपने घर में मौजूद ऐसी सामग्री जो उनके उपयोग लायक नहीं, वह इस केन्द्र में जमा करवा सकता है। Hanumangarh News

नगर परिषद की ओर से वह सामग्री जरूरतमंद व्यक्ति/परिवार को उपलब्ध करवाई जाएगी। खास बात यह कि इसके लिए कोई शुल्क भी नहीं देना होगा। वर्तमान में मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र में बच्चों व बड़ों के कपड़े रखे गए हैं। इसके अलावा शॉल, कम्बल भी एकत्रित हुए हैं। नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने बताया कि नगर परिषद की ओर से मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्रों में खुशियां बांटो अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिस भी व्यक्ति के पास रोजाना काम में आने वाली जरूरत की सामग्री जैसे कपड़े, बर्तन, बच्चों के खिलौने, किताबें सहित अन्य घरेलू सामान, जो उनके लिए उपयोगी नहीं है, वह व्यक्ति उस सामान को मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र में जमा करवा सकता है। जरूरत अनुसार उस सामान की मरम्मत करवाई जाती है।

जरूरतमंद व्यक्ति, परिवार मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र से नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं

उस सामान को जरूरतमंद व्यक्ति, परिवार मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र से नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपनी पहचान बताना भी आवश्यक नहीं है। इन केन्द्रों का वास्तविक उद्देश्य परिपूर्ण हो, इसके लिए नगर परिषद की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने गणमान्य नागरिकों से अपील की कि वे इस्तेमाल की गई ऐसी सामग्री जो उनके लिए उपयोगी नहीं है और वे उसे बेकार समझकर बाहर डालना चाह रहे हैं, वे उस सामग्री को मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र पर छोड़ सकते हैं।

इसके लिए नगर परिषद की एनएलयूएम की टीम भी लगाई गई है। उनसे भी सम्पर्क किया जा सकता है। यह टीम घरों से भी इस प्रकार की सामग्री एकत्रित कर इन केन्द्रों तक पहुंचाने का काम करेगी। इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। समाजसेवी संगठनों से भी बात की गई है कि वे भी नगर परिषद की इस मुहिम के साथ जुड़ें। उन्होंने कहा कि यह सामग्री हमारे लिए बेकार हो सकती है लेकिन इस छोटे से प्रयास से जरूरतमंद तक यह सामग्री पहुंचाकर उनके बीच खुशियां बांटी जा सकती हैं। Hanumangarh News