करीब 25 दिनों से उखड़ी पड़ी है 350 मीटर लंबी सड़क, तेज हवा के कारण सड़क पर उड़ती धूल से स्थानीय बाशिंदे हलकान
- वाहनों व पैदल राहगीरों को आवागमन में करना पड़ रहा है परेशानी का सामना, कुंभकर्णी नींद में सो रहा विभाग
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में विगत 25 दिन पूर्व लोकनिर्माण द्वारा उखाड़ी गई करीब 350 मीटर लंबी सड़क पुनर्निर्माण की बाट जोह रही है। वाहनों व पैदल राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी से रूबरू होना पड़ रहा है, लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद सो रहा है।
लोकनिर्माण विभाग के द्वारा गांव कण्डेला में मुख्य मार्ग पर स्थित ग्रामीण घसीटू स्वामी के घर के सामने से अनीस धोबी के मकान तक करीब 350 मीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण किया जाना है। विभाग द्वारा निर्माण कार्य का जिम्मा हरि कृष्णा कॉन्ट्रैक्ट नामक कंपनी को दिया गया है। ठेकेदार ने जेसीबी मशीन व मजदूर लगाकर सड़क पर ग्राम पंचायत द्वारा की इंटरलॉकिंग को उखड़वा दिया था। इंटरलॉकिंग को उखड़े हुए करीब 25 दिन का वक्त बीत चुका है, लेकिन विभाग द्वारा सड़क के पुनर्निर्माण की कार्यवाही को अभी तक शुरू नही किया गया। 25 दिनों में सड़क पर केवल छोटे पत्थर बिछाने का कार्य हुआ है। Kairana News
इनमें से ज्यादातर पत्थर उखड़े पड़े है, जो वाहनों व पैदल राहगीरों के लिए आवागमन में अवरोध पैदा कर रहे है। इसके अलावा, तेज हवा के चलते सड़क पर उड़ रही धूल ने स्थानीय बाशिंदों का जीना मुहाल कर रखा है। इन सबके बावजूद विभाग के कानों पर जूं तक नही रेंग रही है। वहीं, लोकनिर्माण विभाग के अवर अभियंता शोमांशु मोहन का कहना है कि क्षेत्र में पिछले दिनों हुई बारिश से सड़क पुनर्निर्माण के कार्य को शुरू करने में व्यवधान उत्पन्न हुआ है। विभाग अपने उत्तरदायित्व के प्रति पूरी तरह सजग है। शीघ्र ही सड़क निर्माण का कार्य आरंभ किया जाएगा।
45 लाख रुपये की लागत से तैयार होगी 350 मीटर लंबी सड़क
लोकनिर्माण विभाग द्वारा गांव कण्डेला में 350 मीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण प्रस्तावित है। सड़क की चौड़ाई साढ़े पांच से छह मीटर तक है, जिसमें से साढ़े चार मीटर चौड़ाई को आरसीसी से कवर किया जाना है, जबकि शेष जगह पर दोनों किनारों पर स्थित नाली तक इंटरलॉकिंग लगाई जाएगी।
विभाग की योजना पूर्व में सड़क को पौने चार मीटर की चौड़ाई तक आरसीसी से कवर करने की थी, परन्तु बाद में इसमें वृद्धि करके साढ़े चार मीटर किया गया। पुनर्निर्मित सड़क की मोटाई 19 सेंटीमीटर यानी करीब आठ इंच प्रस्तावित है। इस निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने के लिए 40 से 45 लाख रुपये का खर्च होने का अनुमान है। विभाग द्वारा सड़क पुनर्निर्माण का ठेका हरि कृष्णा कॉन्ट्रैक्ट कम्पनी को दिया गया है। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए कंपनी को 31 मार्च तक का समय दिया गया है। Kairana News
यह भी पढ़ें:– 100 करोड़ के डिजिटल अरेस्ट स्कैम का पर्दाफाश, दो लोग गिरफ्तार















