एकराय के साथ एकजुट होकर कार्य करने का दिया संदेश

सशक्त नारी संस्थान की कार्यकारिणी का विस्तार

हनुमानगढ़। सशक्त नारी संस्थान (Empowered Women Institute) की कार्यकारिणी का विस्तार गुरुवार को नववर्ष के मौके पर किया गया। कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए प्रचार मंत्री, संगठन मंत्री, विधि मंत्री पद पर नियुक्ति के साथ 25 सदस्यों को शामिल किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि जिस संस्थान के सदस्यों में एकजुटता और एकराय हो, वह संस्थान ही सबसे ऊपर पहुंचता है। मतभेद होने के कारण बहुत सारी संस्थाएं एकजुटता के साथ आगे नहीं चल पातीं। उन्होंने संस्थान को नए साल में नित नई ऊंचाइयां छूने के लिए शुभकामनाएं दी। Hanumangarh News

पूर्व चेयरमैन संतोष बंसल ने कहा कि महिलाएं घर की जिम्मेदारी को अच्छे से संभालती हैं। इसके साथ समाजसेवा करनी हो तो नारी इस जिम्मेदारी को भी बखूबी निभाने का दम रखती है। उन्होंने भी एकराय होकर समाजसेवा के कार्य करने का संदेश संस्थान सदस्यों को दिया। संस्थान संस्थापक एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने बताया कि सशक्त नारी संस्थान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों में स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा के प्रति जागरूकता लाना है। उसी दिशा में संस्थान की ओर से कार्य किया जा रहा है।

भविष्य में वुमेन स्किल व सपोर्ट सेंटर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसका मकसद स्किल्स रखने वाली महिलाओं को एक प्लेटफॉर्म, वर्कस्पेस उपलब्ध करवाना, उनके प्रोडक्ट को बाजार और डिजिटल प्लेटफार्म तक पहुंचाना और जो भी रेवेन्यू आए, उसे पूरा का पूरा उन्हें महिलाओं पर वापस निवेश करना है। इस साल स्वास्थ्य से जुड़े कई जागरूकता कार्यक्रम भी संस्थान की ओर से किए जाएंगे। तीन जनवरी को स्वास्थ्य जागरूकता व पैड वितरण कैंपेन चलाया जाएगा। संस्थान का उद्देश्य महिलाओं को हर स्तर पर मजबूत करना है। Hanumangarh News