बुजुर्ग महिला हत्या मामला 24 घंटे में सुलझा
अमृतसर (सच कहूँ न्यूज)। Amritsar News: कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर के थाना गेट हकीमा की टीम ने इंदिरा कॉलोनी, झब्बाल रोड स्थित घर में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला 24 घंटे में सुलझा लिया। मृतका की पहचान कमलेश रानी (65) पत्नी ओम प्रकाश निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले में मृतका की बहू मिंटी शर्मा और उसका साथी दलवीर सिंह उर्फ लाडी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि मिंटी शर्मा और दलवीर सिंह एक दूसरे को जानते थे। मृतका कमलेश रानी इसका विरोध करती थी, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
इसी कारण बहू ने अपने साथी के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची। 9 मार्च को परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में दीनानगर गए हुए थे। इसी दौरान मिंटी ने दलवीर सिंह को एसी ठीक करने के बहाने घर बुलाया। दोनों ने मिलकर तकिये से गला घोंटकर कमलेश रानी की हत्या कर दी। बाद में पुलिस और घरवालों को गुमराह करने के लिए अलमारी तोड़कर चोरी का नाटक रचा गया। जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें:– लिवासा अस्पताल द्वारा लुधियाना में 360 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा: संजीव अरोड़ा















