डबवाली। डबवाली पुलिस परिवार के लिए आज एक गौरवपूर्ण अवसर रहा, जब पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस ने मुख्य सिपाही से सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत हुए केवल सिंह एवं परमजीत कौर के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एसपी जसलीन कौर ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों का प्रतीक भी है। उन्होंने नव पदोन्नत अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक मेहनत, अनुशासन, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करते हुए आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। Sirsa News
उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का एक सशक्त माध्यम है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने कार्यस्थल पर नागरिकों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित करने चाहिए, ताकि सहयोग और विश्वास का वातावरण बन सके तथा पुलिस की सकारात्मक और संवेदनशील छवि और मजबूत हो। एसपी ने यह भी कहा कि पदोन्नति के साथ नई चुनौतियां भी आती हैं, जिन्हें अवसर के रूप में स्वीकार करना ही एक सच्चे पुलिसकर्मी की पहचान है।
वर्तमान में एएसआई केवल सिंह एसडीजेएम डबवाली के गनमैन के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि एएसआई परमजीत कौर दुर्गा शक्ति टीम डबवाली में तैनात हैं। पदोन्नति के उपरांत दोनों अधिकारियों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिठाई वितरित कर सभी का आभार प्रकट किया। Sirsa News















