हमसे जुड़े

Follow us

19.7 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More

    Visa Fraud: वर्क वीजा लगवा विदेश में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर ऐंठे दो लाख रुपए

    Karnal News
    Visa Fraud

    दो व्यक्तियों के खिलाफ संगरिया पुलिस थाना में दर्ज करवाया मुकदमा

    Visa Fraud: हनुमानगढ़। वर्क वीजा लगवा विदेश में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। इस संबंध में संगरिया पुलिस थाना में दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुए मुकदमे में कलवंत सिंह (50) पुत्र सतनाम सिंह रायसिख निवासी फतेहपुर तहसील संगरिया ने बताया कि वह कम-पढ़ा लिखा व्यक्ति है तथा लकड़ी का कार्य करता है। उसके साथ ही सुखदेव सिंह पुत्र प्रीतम सिंह रायसिख निवासी फतेहपुर तथा राजेन्द्र पुत्र मोहन लाल भाट निवासी कुलचन्द्र तहसील टिब्बी भी लकड़ी का कार्य करते थे। राजेन्द्र पूर्व में एक-दो बार सिंगापुर व अन्य देशों में काम के लिए गया था। Hanumangarh News

    राजेन्द्र ने विदेश में जान-पहचान होने तथा उसके पुत्र रमनदीप सिंह को सिंगापुर में नौकरी व काम दिलवाने व फाइल लगाने का झांसा देकर 25 हजार रुपए, उसके बाद ग्रीस में नौकरी दिलवाने व भेजने के नाम पर 70 हजार रुपए तथा अलग से चार हजार रुपए तथा 50 हजार रुपए अपने साथी इमरान नसीम के खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके पश्चात नौकरी के लिए विदेश से कोई लेटर या वीजा जारी नहीं होने पर राजेन्द्र से सम्पर्क किया तो उसने दस-पन्द्रह दिन में लेटर जारी करवाने व वीजा लगवाने का आश्वासन दिया।

    कोई लेटर या वीजा प्राप्त नहीं होने पर 50 हजार रुपए अलग से और मांगे

    इसके पश्चात भी कोई लेटर या वीजा प्राप्त नहीं होने पर वह अपने कुछ साथियों को साथ लेकर राजेन्द्र से मिला तो राजेन्द्र ने मेहनताना के लिए 50 हजार रुपए अलग से और मांगे। इसके पश्चात उसने अपने पुत्र रमनदीप व अन्य से बात कर राजेन्द्र को गांव फतेहपुर में बुलाया तथा 50 हजार रुपए अपने पुत्र रमनदीप सिंह के वर्क वीजा के लिए राजेन्द्र को दे दिए। इसके बाद भी जब उसके पुत्र का नौकरी का लेटर या वर्क वीजा प्राप्त नहीं हुआ तो उसने राजेन्द्र से उसके मोबाइल नम्बर पर कई बार सम्पर्क किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

    वह राजेन्द्र के घर गया लेकिन राजेन्द्र नहीं मिला। उसने राजेन्द्र के बारे में इधर-उधर जांच-पड़ताल की तो पता चला कि राजेन्द्र ने अन्य लोगों के साथ भी विदेश भेजने के नाम पर ठगी की है। इसके बाद राजेन्द्र से सम्पर्क कर वर्क वीजा दिलाने या पैसे लौटाने को कहा तो राजेन्द्र आग-बबूला हो गया तथा धमकी दी कि उसने तो उसके साथ ठगी करनी थी, जो कर ली। अब वह उसका कुछ भी नही बिगाड़ सकते। राजेन्द्र ने उसके पुत्र का वर्क वीजा दिलवाने एवं रुपए लौटाने से स्पष्ट मना कर दिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर राजेन्द्र व इमरान नसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई प्रमोद सिंह को सौंपी। Hanumangarh News