रावतसर क्षेत्र में हादसा, कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक के पास खड़ी महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस संबंध में रावतसर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव लालपुरा निवासी भागीरथ (66) पुत्र गोमदाराम बावरी ने रावतसर थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसका दामाद कृष्णलाल पुत्र सूरजाराम और दोहिता विनोद कुमार पुत्र कृष्णलाल निवासी भूकरका ढाणी तहसील नोहर, 11 मार्च की सुबह करीब 8 बजे गन्धेली से भूकरका जा रहे थे। रास्ते में 26 आरडब्ल्यूडी स्थित खेत में उसकी पुत्री सरोज बाला पत्नी आशाराम निवासी गन्धेली सरसों की कटाई कर रही थी। Hanumangarh News
बताया गया कि दोनों मोटर साइकिल सड़क किनारे खड़ी कर खेत में गए और कुछ देर बाद वापस मोटर साइकिल की तरफ आए। इसी दौरान एचआर 34 जी 7301 नम्बर की स्विफ्ट कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल के पास खड़े कृष्णलाल व सरोज बाला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कृष्णलाल और सरोज बाला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले नोहर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। बाद में स्थिति नाजुक होने के कारण कृष्णलाल को श्रीगंगानगर रेफर किया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक बिरजूसिंह को सौंपी गई है। Hanumangarh News















