हमसे जुड़े

Follow us

19.7 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More

    अमेरिका के अटाॅर्नी जनरल विलियम बार ने कहा, चुनाव में नहीं हुई धांधली

    William Barr

    वाशिंगटन। अमेरिका के अटाॅर्नी जनरल विलियम बार ने कहा है कि न्याय विभाग को राष्ट्रपति चुनाव में धांधली का कोई प्रमाण नहीं मिला है। बार ने चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली होने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावे को खारिज कर दिया है। बार ने मंगलवार को कहा, “ अब तक हमें उस स्तर की धांधली का कोई प्रमाण नहीं मिला है जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हो सके।” अटाॅर्नी जनरल ने समाचार एजेंसी एपी से कहा, “ एक दावा यह है कि धांधली सुनियोजित तरीके से हुई है और चुनावी नतीजों को बदल दिया गया। बैलेट मशीन हैक करने का दावा भी किया गया, जिससे बिडेन को अधिक वोट मिले। न्याय और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने इन दावों की जांच की और हमें कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।”

    ट्रम्प की चुनाव प्रचार अभियान टीम ने देश के कई प्रांतों में चुनाव परिणाम को अदालत में चुनौती दी हुई है। अमेरिका के अटाॅर्नी जनरल का यह बयान ट्रम्प के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है जिन्होंने अभी तक चुनाव में हार स्वीकार नहीं की है। अमेरिका में 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के आधिकारिक परिणाम घोषित होने से पहले बार ने इस महीने की शुरुआत में ही कई प्रांतों के संघीय अटार्नी को चुनाव में कथित अनियमितता की जांच करने के आदेश दिए थे। अटॉर्नी जनरल विलियम बार के इस बयान पर ट्रम्प के प्रचार अभियान के वकील रूडी जुलियानी और जेना एलिस ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर कहा है, “अटॉर्नी जनरल के प्रति पूरे सम्मान के साथ कहना चाहता हूं कि उनका बयान बिना किसी जानकारी या जांच और सुनियोजित धांधली के सबूतों को देखे बिना दिया गया मालूम पड़ता है।”

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।