कुरुक्षेत्र(सच कहूँ/ देवीलाल बारना)। आपको यदि आम की विभिन्न किस्मों का टेस्ट करन है तो लाडवा के उप उष्ण कटिबंधीय फल केन्द्र में तीन दिवसीय फल मेले में कर सकते हैं। यहां आपको 2 सेंटीमीटर के अंगूरदाना आम से लेकर 20 सेंटीमीटर के हाथी झूल तक के साईज के आम मिलेंगे। यहां सहारनपुर जिले के गांव रायपुर निवासी उस्मान 153 प्रकार की आम की किस्में लेकर पहुंचे हैं। यूं तो यह मेला हरियाणा के किसानों का है, लेकिन यहां यूपी के उस्मान के आम की धाक है। उस्मान के खेतों के आम की चर्चा ज्यादा होने के कारण उद्यान विभाग द्वारा इन्हे प्रदर्शनी के लिए बुलाया गया है।
गोल्डन चौसा सर्वाधिक लोकप्रिय
उस्मान का कहना है कि गोल्डन चौसा आम की किस्म सबसे ज्यादा बिकने वाली किस्म है। यह आम हल्का गोल्डन रंग का होता है व मीठा भी होता है, इसलिए इसके ज्यादा ग्राहक उनके पास आते हैं। इसकी कीमत लगभग 100 रूपए प्रति किलो सीजन में रहती है। इसके अलावा सबसे छोटा आम अगूरदाना आचार बनाने के काम आता है। इसके अंदर गुठली भी छोटे से साईज की होती है। इसके बिना टुकड़े किए ही आचार डाला जाता है। इसकी कीमत लगभग 20 रूपए प्रति किलो ही रहती है। इसके अलावा सबसे बडे साईज के आम हाथी झूल का दाम लगभग 60 से 70 रूपए प्रति किलोग्राम सीजन में रहता है।

त्रिभुज आकार का आम भी उपलब्ध
उस्मान के पास त्रिभुज आकार का विचित्र आम भी उपलब्ध है। हालांकि यह कोई किस्म नहीं है, लेकिन साधारण आम के पेड़ों पर यह मिल जाते हैं। त्रिभुज आकार का यह आम प्रदर्शनी में भी चर्चा का विषय बना रहा। उस्मान के अनुसार इस आम के पेड़ में गुठलियां भी तीन ही हैं।
153 प्रकार की आम की किस्में की तैयार
दैनिक सच कहूँ सवांददाता से बातचीत करते हुए उस्मान ने बताया कि उन्होने अपने खेत में 153 प्रकार की आम की किस्में तैयार की हैं। उनके खेतों में काफी बड़े आम के पेड़ हैं, जोकि 60 बीघे जमीन में हैं। वहीं इन खेतों में लगभग 300 आम की विभिन्न किस्मों के पेड़ हैं। खेतों में तीन लोग 24 घंटे ड्यूटी देते हैं और पेड़ों का रखरखाव करते हैं।
आम की ये किस्में की तैयार
उस्मान के अनुसार वह सबसे बड़े आम हाथी झूल व सबसे छोटे आम अंगूरदाना के अलावा गोल्डन चौसा, आम दशहरी, लंगड़ा, चौसा, मल्लिका, अमरपाली, पत्थर, गुलाब खास, जाफरान, रंगीला, मासूम, रामभोग, जालिम, दिल पसंद, केसर शुगंद, दिल खास, रूप की रानी, किंग कोबरा, मालदा, मोहनभोग, अम्मान, जुले खा, सुरखा कुदरत, बनका, तंबूरिया, केंड़ी, जिरया देशी, नीलम दशहरी, मैंगो करेल्या, निंबोली आम, हिमसागर, तिला बंबई, बांबे ग्रीन, खपाडिय़ा, हुस्नआरा, बारामासी, मच्छली आम, नेवरा, राज लोटन, बेगम पसंद, फजली, हिटलर, चार्ली, सन संकर-13, लखनवी शफेडा, शफेडा, शुकल, यस मैंगो, बर्ड मैंगो, मजनू का दिल, महक, रशीला, अल्फेंजो, जैफरानी काकडान, बनारसी लंगड़ा, शिप्या शाह पसंद, पिंजौरी लंगड़ा, रामकेला, केला दुगीर्लाल, रसपुनिया, गुलाब जामुन, समर भीश, अफसरा, हनुमान भोग, गुलपांग, प्रिंस, कश्मीरी फैजली, शाकुंभरी भोग, मैंगो ग्लास सहित अन्य किस्में आम की तैयार कर रहा है।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, link din , YouTube पर फॉलो करें।















