विजयदशमी पर्व आज, दोपहर 12.15 पर निकलेगी शोभायात्रा

Vijayadashami

शाम 6.08 मिनट पर होगा रावण दहन

  • सरसा शहर में श्री रामा क्लब व विष्णु क्लब द्वारा दो जगह होगा दशहरा महोत्सव पर कार्यक्रम

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। शारदीय नवरात्रों के समापन के पश्चात विजयदशमी पर्व यानि दशहरा मनाया जाता है। कोरोना काल के चलते करीब दो सालों के बाद इस बार दशहरा पर्व उत्साह व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सरसा शहर में दशहरा महोत्सव पर श्री रामा क्लब व विष्णु क्लब के द्वारा बुधवार दोपहर 12 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई दशहरा ग्राउंड में पहुंचेगी। श्री रामा क्लब के द्वारा आटो मार्केट में वहीं विष्णु क्लब के द्वारा सरसा बाइपास सीडीएलयू गेट के सामने रावण व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। दोनों ही क्लबों के द्वारा पुतले स्थापित किए जाने का काम मंगलवार को दोपहर बाद शुरू हो गया। शोभायात्रा के उपरांत दशहरा ग्राउंड में भगवान राम व रावण का युद्ध होगा, जिसके पश्चात रावण कुंभकर्ण के पुतलों को अग्निभेंट किया जाएगा।

चौ. रणजीत सिंह करेंगे रावण दहन

श्री रामा क्लब द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा को पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर धर्म ध्वजा दिखाकर रवाना करेंगे। बाद में दशहरा महोत्सव में मुख्यातिथि के रूप में बिजलीमंत्री चौ. रणजीत सिंह पहुंचेगे। जबकि अध्यक्षता संजय अरोड़ा करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्लब के संरक्षक श्याम बजाज, भाजपा नेता सुरेंद्र आर्य व समाजसेवी अरूण मेहता होंगे। वहीं विष्णु क्लब के द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह मुख्यातिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी राजन मेहता होंगे। कार्यक्रम में गायक राजू मावर अपने गीतों की प्रस्तुति देंगे।

दोनों ही क्लबों के विशालकाय पुतले रहेंगे का केंद्र

दशहरा उत्सव पर रामा क्लब व विष्णु क्लब के द्वारा रावण व कुंभकर्ण के विशालकाय पुतले तैयार किए गए हैं। रामा क्लब द्वारा करीब 71 फीट ऊंचा रावण व 61 फीट ऊंचा कुंभकर्ण का पुतला तैयार किया गया है। साथ ही लंका भी बनाई गई है। भव्य आतिशबाजी व पटाखों के साथ रावण कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। वहीं विष्णु क्लब द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा में 12 फीट के हनुमान की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। रथ को भी नए अंदाज में खिंचा जाएगा। यहां भी करीब 55 फीट ऊंचा रावण व मेघनाद के पुतले तैयार किए गए हैं। रावण के पुतले का मुंह घूमता हुआ दिखाई देगा तथा आवाजें निकालेगा। इसके साथ ही करीब सात फीट ऊंचा नशे का पुतला भी फूंका जाएगा।

इन रूटों से होकर गुजरेगी शोभायात्रा

श्री रामा क्लब की शोभायात्रा जनता भवन से शुरू होकर अनाजमंडी, शिव चौक, सूरतगढ़िया बाजार, घंटाघर चौक, भगत सिंह चौक, रोड़ी बाजार, सदर बाजार से होते हुए आर्य समाज रोड, बेगू रोड से होते हुए कंगनपुर रोड व आटो मार्केट में बने दशहरा ग्राउंड में पहुंचेगी। वहीं विष्णु क्लब की शोभायात्रा सूरतगढ़िया बाजार, घंटाघर चौक, रोड़ी बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, जगदेव सिंह चौक, शिव चौक, अनाज मंडी, डबवाली रोड से होते हुए सरसा बाइपास से होते हुए दशहरा ग्राउंड में पहुंचेगी।

वायु सेना दिवस पर चंडीगढ़ के आकाश में 40 से अधिक लड़ाकू विमान करेंगे गर्जन

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।