महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: जे. रविंद्र गौड़ 

Ghaziabad News
Ghaziabad News: महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता :जे.रविंद्र गौड़ 

कमिश्नरेट गाजियाबाद के विशेष अभियानों से  महिला अपराधों में आई उल्लेखनीय कमी

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा है कि महिला सुरक्षा और सम्मान कमिश्नरेट गाजियाबाद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्तर प्रदेश शासन की नारी सुरक्षा–नारी सम्मान नीति के अनुरूप वर्ष 2025 में कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा बहुआयामी रणनीति अपनाई गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इन विशेष अभियानों का उद्देश्य केवल अपराधों की रोकथाम ही नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना भी रहा।

गाजियाबाद एक प्रमुख औद्योगिक एवं शैक्षिक नगर है, जहां महिला सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां विविध स्वरूप में सामने आती हैं। कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन को अधिक अधिकार, संसाधन और त्वरित निर्णय क्षमता मिली, जिसका सीधा लाभ महिला सुरक्षा अभियानों में देखने को मिला।

मिशन शक्ति केंद्र बने महिला सशक्तिकरण का आधार

शासन के निर्देश पर कमिश्नरेट के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा के साथ-साथ 360 डिग्री परामर्श, मार्गदर्शन और आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा रहा है। मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं को मानसिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त संस्थागत पहल के रूप में उभरे हैं।कमिश्नरेट के समस्त थानों में मिशन शक्ति केंद्रों पर कुल 205 पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिनमें नगर जोन में 77, ट्रांस हिंडन में 67 और ग्रामीण जोन में 61 पुलिसकर्मी शामिल हैं। थाना स्तर की टीमें गांवों, मोहल्लों और सोसाइटियों में जाकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक कर रही हैं।

पिंक बूथ से बढ़ा महिलाओं का भरोसा | Ghaziabad News

महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए कमिश्नरेट गाजियाबाद में  पिंक बूथ  स्थापित किए गए हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किया जा रहा है। इससे महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।पिंक बूथों पर कुल 105 महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिनमें नगर जोन में 45, ट्रांस हिंडन में 24 और ग्रामीण जोन में 36 शामिल हैं। प्रत्येक पिंक बूथ के साथ समर्पित पुलिस वाहन उपलब्ध कराया गया है, जिससे घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

एंटी-रोमियो स्क्वॉड की प्रभावी भूमिका

सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एंटी-रोमियो स्क्वॉड सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। नियमित गश्त, त्वरित कार्रवाई और महिला पुलिसकर्मियों की सहभागिता ने इस अभियान को प्रभावी बनाया है।थाना स्तर पर गठित एंटी-रोमियो स्क्वॉड में कुल 59 पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिनमें नगर जोन में 17, ट्रांस हिंडन में 24 और ग्रामीण जोन में 18 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

कमिश्नरेट में अन्य प्रमुख पहलें

महिला सुरक्षा को लेकर कमिश्नरेट द्वारा कई नवाचार किए गए हैं। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया।  शक्ति ऑन व्हील्स कार्यक्रम के अंतर्गत ऑल-वुमन पेट्रोलिंग टीम ने बाजारों, पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित की।थाना स्तर पर महिला हेल्प डेस्क, महिला परामर्श केंद्रों के माध्यम से घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों का समाधान, पिंक पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा स्कूल-कॉलेज और बाजारों में नियमित गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी और ड्रोन पेट्रोलिंग जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। साथ ही विद्यालयों और कॉलेजों में गोष्ठियों के माध्यम से छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। Ghaziabad News

कमिश्नरेट में अपराधों में आई उल्लेखनीय गिरावट

इन अभियानों के परिणामस्वरूप महिला संबंधी अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2025 में हत्या में 37.83 प्रतिशत, दहेज मृत्यु में 30.61 प्रतिशत, बलात्कार में 34.58 प्रतिशत, शीलभंग में 49.43 प्रतिशत, अपहरण में 44.68 प्रतिशत और महिला उत्पीड़न में 36.89 प्रतिशत की कमी आई है। कुल मिलाकर महिला अपराधों में लगभग 39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि कमिश्नरेट गाजियाबाद महिला सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति केंद्रों की सक्रियता, तकनीकी नवाचार, जागरूकता कार्यक्रम और त्वरित पुलिस कार्रवाई मिलकर महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:– नवजात को जन्म देने के बाद महिला की गई जान, निजी अस्पताल पर उठे सवाल