हमसे जुड़े

Follow us

14.7 C
Chandigarh
Tuesday, February 17, 2026
More
    Home आध्यात्मिक मालिक के नाम ...

    मालिक के नाम में छुपी हैं तमाम बरकतें

    All happiness is hidden in God's name
    सरसा । पूज्य हजूर पिता संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां फरमाते हैं कि मालिक के नाम में तमाम खुशियां, बरकतें हैं। सच्ची भावना से जो मालिक का नाम लिया करते हैं, उन्हें अंदर-बाहर किसी भी चीज कोई कमी नहीं रहती। प्रभु का नाम ऐसी शक्ति है, जो इन्सान के जन्मों-जन्मों के पाप-कर्म काट देती है।

    प्रभु के नाम से खत्म होती हैं परेशानियां

    जो भी लोग प्रभु का नाम लेते हैं, उनके अंदर की गम, दु:ख, दर्द, चिंता, परेशानियां खत्म होती हैं, आने वाले पहाड़ जैसे भयानक रोग और पाप-कर्म कटकर इन्सान भगवान की दया-मेहर के काबिल बनता चला जाता है। इसलिए प्रभु के नाम को कभी न छोड़ो, सुमिरन करते रहो। ये घोर कलियुग है, मन-इद्रियां बड़े फैलाव में हैं। मन-इद्रियां जब जीव पर हावी हो जाती हैं तो कोई गुरु, पीर-फकीर अच्छा नहीं लगता। इन्सान बुरे कर्म करता हुआ आगे बढ़ता है और बुरे कर्म करता चला जाता है। लोग ठग्गी मारते हैं, बेइमानी करते हैं, दूसरों का हक मारकर खाते हैं, चोरी, निंदा-चुगली करते हैं। जो लोग इन बुराइयों से जुड़े होते हैं, वो अति दु:खी रहते हैं। इसलिए इन्सान को मेहनत, हक-हलाल की रोजी-रोटी खानी चाहिए और परमात्मा के नाम का जाप करना चाहिए। इससे उस कमाई में बरकत पड़ेगी, थोड़े से पैसे ही बहुत ज्यादा पैसों का काम करेंगे और अंत:करण में एक शांति बनी रहेगी। आप जी फरमाते हैं कि आप अपने देश के लिए, इन्सानियत के लिए, अल्लाह, वाहेगुरु, राम के लिए वफादार बनो। आपकी इन्सानियत आपको बुलंदियों पर ले जाएगी। भगवान का नाम आपको आत्मबल, दृढ़-यकीन देगा। इसलिए आप भले कर्म करो, नेकी करो, मालिक के नाम का जाप करो, अपने अंदर की कमियों को निकाल डालो और मालिक का सुमिरन करके आप जैसे-जैसे सुमिरन करते जाएंगे, वैसे-वैसे मंजिलें आपके नजदीक आ जाएंगी, सफलता आपके कदम चूमेगी और मालिक की कृपा से आप दिन-दोगुनी, रात-चौगुनी तरक्की करेंगे व मालिक खुशियों से मालामाल करेंगे।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।