हमसे जुड़े

Follow us

15.7 C
Chandigarh
Thursday, February 19, 2026
More
    Home देश देश में कोरोन...

    देश में कोरोना के 15,388 नए केस मिले

    Coronavirus

    सक्रिय मामले और मृतकों की संख्या में आई कमी

    नई दिल्ली (एजेंसी)। देश के कुछ राज्यों में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण में पिछले कुछ समय से अचानक फिर से आयी तेजी के बीच पिछले 24 घंटे के दौरान सक्रिय मामलों में कमी आने के साथ-साथ मृतकों की संख्या भी कम हुई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी, लेकिन पिछले 24 घंटे के दौरान इसमें 1285 की कमी आई है। इस अवधि में मृतकों की संख्या 77 दर्ज की गई। जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में कम है। इस बीच देश में अब तक दो करोड़ तीस लाख आठ हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 15,388 नये मामले सामने आये हैं जिससे संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 12 लाख 44 हजार 786 हो गयी है।

    पिछले 24 घंटों में 16,596 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,08,99,394 मरीज कोरोनामुक्त भी हो चुके हैं। सक्रिय मामले 1285 से घटने से 1,87,462 हो गये हैं। इसी अवधि में 77 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,57,930 हो गई है। देश में रिकवरी दर 96.92 और सक्रिय मामलों की दर 1.66 प्रतिशत है जबकि मृत्युदर अभी 1.40 फीसदी पर घटा हुआ है। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 346 घटने से इनकी संख्या घटकर 98,859 हो गयी है। राज्य में 9,068 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 20,77,112 लाख पहुंच गयी है जबकि 22 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 52,500 हो गया है।

    मराठवाड़ा में कोरोना के 1,037 नए मामले, 13 की मौत

    महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के तेजी से बढ़ते प्रकोप के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 1,037 नये मामले सामने आये और 13 मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सभी जिला मुख्यालयों से यूनीवार्ता द्वारा एकत्र की गई जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के आठ जिलों में से औरंगाबाद सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां संक्रमण के 388 नए मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हो गई।

    इसके बाद परभणी में 19 नए मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हो गई। लातूर में 111 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। जालना में 172 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। हिंगोली में 34 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। उस्मानाबाद में 16 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। बीड में 74 और नांदेड़ में 208 नये मामले सामने आए हैं।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।