हमसे जुड़े

Follow us

24 C
Chandigarh
Tuesday, February 24, 2026
More
    Home न्यूज़ ब्रीफ सीएम मनोहर ला...

    सीएम मनोहर लाल ने नीरज का स्वागत किया, साथ ही मेडल जीतने के लिए बधाई भी दी

    सच कहूँ/अनिल कक्कड़

    चंडीगढ़। टोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा बुधवार को पहली बार हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिले। सीएम मनोहर लाल ने नीरज का स्वागत किया। साथ ही मेडल जीतने के लिए बधाई भी दी। इस दौरान नीरज ने कहा कि 13 अगस्त को हरियाणा सरकार की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में बीमार होने के कारण नहीं पहुंच पाया था। उक्त कार्यक्रम में शामिल न हो पाने का मलाल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीरज चोपड़ा को ओलम्पिक के लिए एथलीटों को तैयार करने के लिए नेतृत्व करने को कहा है। नीरज हमारे देश और खेल जगत का सम्मान हैं। ये होनहार खिलाड़ी हैं और हरियाणा को इन पर गर्व है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने नीरज से लंबी बातचीत की और उनके अनुभवों के बारे में जाना। उनके कोच, भाला फेंक के राष्ट्रीय रिकॉर्ड और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान नीरज चोपड़ा के चाचा भीम चोपड़ा ने मुख्यमंत्री को अपने गांव खंदरा आने का न्यौता दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही कार्यक्रम बनाता हूँ। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए खेल राज्यमंत्री सरदार सन्दीप सिंह कोआॅर्डिनेट कर लेंगे।

    हरियाणा को खेलों का हब बनाना हमारा लक्ष्य

    पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य हरियाणा को खेलों का हब बनाना है। इसके लिए नीरज चोपड़ा जैसे होनहार खिलाड़ी युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का काम करेंगे ही। खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला में एथलेटिक्स के लिए स्थापित किये जा रहा उत्कृष्टता केंद्र खेलों के बढ़ावे के लिए कारगर साबित होगा। वहीं नीरज ने कहा कि मेरे पास काफी समय है और मुझे खुद भी खेलना है। मैं अपनी तरफ से पूरा योगदान दूंगा कि मैं हरियाणा और भारतीय खेल को आगे ले जा सकूं। अगले साल विश्व चैंपियनशिप है, मेहनत करके उसमें मेडल लाना है।

    पीएम से सिर्फ खेलों के बारे में ही बात हुई : नीरज

    नीरज ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात में केवल खेलों पर ही बात हुई। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बेहद अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि वे आने वाले समय में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि हरियाणा का चूरमा तो सब जगह प्रसिद्ध है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।