केन्द्र की किसी नीति से डरने वाला नहीं कांग्रेस कार्यकर्ता

प्रेस वार्ता में बोले राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग अध्यक्ष (राज्यमंत्री) पवन गोदारा

हनुमानगढ़। (सच कहूँ न्यूज) राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष (राज्यमंत्री) पवन गोदारा का कहना है कि आज पूरे देश में भय का वातावरण है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भाई को भाई से लड़ाकर इस देश को तोडऩे का काम किया है। कांग्रेस से जुड़े महापुरुषों ने अंग्रेजों के खिलाफ लोहा लेकर इस देश को आजाद करवाया। लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता भाजपा की किसी भी नीति से डरने वाला नहीं है। वह एकजुट हो चुका है। गोदारा ने यह बात शुक्रवार को सर्किट हाऊस में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। गोदारा ने कहा कि एक विशेष विचारधारा के लोगों ने देश में भय का माहौल बनाया और देश को तोडऩे का काम किया।

यह भी पढ़ें:– हिमाचल प्रदेश: सीएम के नाम पर फंसा पेंच, हुड्डा ने कहा- अंतिम मुहर कांग्रेस हाईकमान ही लगाएगी

उसके खिलाफ, देश को एकजुट करने, इस देश की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखने, प्रेम व भाइचारे का संदेश देने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की ओर से भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। राहुल गांधी की पदयात्रा को 93 दिन हो चुके हैं। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का प्रवेश झालावाड़ से हुआ। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ता-नेता, आमजन, सामाजिक कार्यकर्ता सहित हर वर्ग से जुड़े हुए लोग इस पदयात्रा में हिस्सा ले रहे हैं। गोदारा ने कहा कि कड़कड़ाती ठण्ड में पदयात्रा पर निकले राहुल गांधी के साथ देश के लाखों लोगों का हुजूम शामिल हो रहा है।

हर वर्ग का व्यक्ति सड़क के किनारे राहुल गांधी के स्वागत के लिए पलक-पांवड़े बिछाकर खड़ा नजर आता है। इस पदयात्रा को जिस प्रकार से जनसमर्थन मिल रहा है उससे इस देश की फिजां और माहौल बदल रहा है। जिन मूल्यों को लेकर इस देश को आजादी मिली थी, उन मूल्यों की पुनस्र्थापना व इस देश को एकजुट करने व जोडऩे का काम यह भारत जोड़ो यात्रा कर रही है। लगभग साढ़े 3 हजार किलोमीटर की इस भारत जोड़ो यात्रा में देश का अधिकांश हिस्सा सम्मिलित होगा।

हनुमानगढ़ जिले के कार्यकर्ता 18 को होंगे पदयात्रा में शामिल

राज्यमंत्री पवन गोदारा ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में हनुमानगढ़ जिले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही किसान, युवा तथा समाज के विभिन्न वर्गों के हितों के लिए काम कर रहे स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम लोगों के शामिल होने के लिए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 18 दिसम्बर को दौसा में कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसके लिए हनुमानगढ़ जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य लोग 17 दिसम्बर को रवाना होकर शाम को दौसा जिले के भांडारेज, सिकराय पहुंचेंगे। यहां रात्रि विश्राम कर 18 दिसम्बर को सुबह 6 बजे राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। पवन गोदारा ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले से जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों से समन्वय स्थापना के लिए वे जिले भर में सक्रिय हैं।

जिले से विधायक तथा विधानसभा का चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता, कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों, प्रकोष्ठों और अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष यहां के कांग्रेस कार्यकर्ताओं व प्रबुद्ध लोगों को भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित करने के लिए सक्रिय हैं। भारत जोड़ो यात्रा में इन लोगों के सम्मिलित होने के लिए सभी नेता तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में दौसा में शामिल होने वाले जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता व अन्य लोग अपने क्षेत्र के विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, कांग्रेस पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। प्रेस वार्ता में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, पूर्व उपप्रधान राजेन्द्र प्रसाद, पार्षद मनोज सैनी भी मौजूद थे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here