हमसे जुड़े

Follow us

22 C
Chandigarh
Monday, March 23, 2026
More
    Home सरसा अंत्योदय की भ...

    अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही प्रदेश सरकार: मनोहर लाल

    Manohar Lal
    मुख्यमंत्री ने बार एसो. सरसा में क्रेच बनवाने तथा 31 लाख रुपये वित्तीय सहायता देने का किया ऐलान

    सीएम ने किया आह्वान पीड़ित व वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए आगे आएं अधिवक्ता

    • मुख्यमंत्री ने बार एसो. सरसा में क्रेच बनवाने तथा 31 लाख रुपये वित्तीय सहायता देने का किया ऐलान

    सरसा (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) ने कहा कि हमारी सरकार अंत्योदय की भावना से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए काम कर रही है। वे शनिवार को बार एसोसिएशन सरसा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने वकीलों से आह्वान किया है कि वे पीड़ितों और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए आगे आएं।

    किसी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसका दायित्व निभाते हुए अधिवक्ता निष्ठा भाव से कार्य करें। मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन की मांग पर बार एसोसिएशन में क्रेच की व्यवस्था करने सहित दूसरे प्रकार के कार्यों के लिए 31 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला में दूसरी अन्य बार एसोसिएशन को भी वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।

    मुख्यमंत्री (Manohar Lal) ने बार एसोसिएशन सरसा के 50 वर्ष से भी अधिक समय से प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ताओं को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विधानपालिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया की अपनी एक भूमिका है, ये सभी स्तंभ एक दूसरे के पूरक हैं। विधानपालिका लोगों के हित में कानून का निर्माण करती है और न्यायपालिका उस कानून का विश्लेषण करती है। कानून की पालना संविधान के अनुरूप करवाना भी न्यायपालिका का काम है। उन्होंने कहा कि विधानपालिका, कार्यपालिका में एक सामंजस्य का काम न्यायपालिका द्वारा किया जा रहा है, उसमें वकीलों की अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका है।

    इस अवसर पर विधायक गोपाल कांडा, बार एसोसिएशन के प्रधान अधिवक्ता गणेश सेठी, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, गोविंद कांडा, प्रदीप रातुसरिया, उपायुक्त पार्थ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण, जिला न्यायवादी राजीव सरदाना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

    गरीब को न्याय दिलवाने की चिंता करें अधिवक्ता | Manohar Lal

    मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वकालत करने के नाते अधिवक्ता एक समाजसेवा का भी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को चाहिए कि जिनके पास न्याय प्राप्त करने के साधन नहीं है और वे न्याय से वंचित हो रहे हैं तो ऐसे पीड़ितों की अधिवक्ताओं को चिंता करनी चाहिए और उन्हें न्याय दिलवाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को फीस के बिना भी गरीबों के लिए भी केस लड़ना चाहिए। सरकार भी लीगल एड के माध्यम से वंचितों और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता दे रही है। अधिवक्ताओं को भी चाहिए कि वे इस कार्य में अपना अपेक्षित सहयोग जरूर दें।

    ‘मैं स्वयं भी एक वकील के रूप में कर रहा हूूं जनता की सेवा’

    मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) ने कहा कि वे स्वयं भी एक वकील के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे समाज के गरीब और पीड़ित व्यक्ति के वकील के रूप में पैरवी करके उन्हें न्याय दिलवाने के लिए सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब का अधिकार कोई न छीने और उसे न्याय के लिए न भटकना पड़े, उसके लिए सरकार अंत्योदय की भावना के आधार पर काम कर रही है। सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को न्याय और हक देने का काम कर रही है।

    यह भी पढ़ें:– डेढ़ वर्ष में सिर्फ 24 बैठक, विस में कम बैठकों का रिकॉर्ड बना रही ‘आप सरकार’

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here