हमसे जुड़े

Follow us

19.7 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home शिक्षा / रोजगार सीए स्टूडेंट्...

    सीए स्टूडेंट्स नेशनल कॉन्फ्रेंस: दृष्टि, प्रेरणा और ज्ञान का महाकुंभ 28 जून से कोलकाता में

    ICAI RRR CONFERENCE

    कोलकाता, 28-29 जून 2025 (सच कहूँ न्यूज़): पूर्वी भारत चार्टर्ड अकाउंटेंट्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन (EICASA) और ईस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल (EIRC) के संयुक्त तत्वावधान में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के बोर्ड ऑफ स्टडीज (ऑपरेशन्स) द्वारा 28 और 29 जून को कोलकाता के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर, न्यू टाउन में सीए स्टूडेंट्स की राष्ट्रीय वार्षिक कॉन्फ्रेंस 2025 का आयोजन किया जा रहा है।

    कॉन्फ्रेंस की थीम: “RRR Returns – Reskill, Resolve, Rejoice”

    कॉन्फ्रेंस के प्रतिनिधि ने सच कहूँ संवाददाता को बताया कि इस वर्ष कॉन्फ्रेंस की थीम है “RRR Returns – Reskill, Resolve, Rejoice”, जो छात्रों को नई स्किल सीखने, चुनौतियों से निपटने और सफलता का जश्न मनाने के लिए प्रेरित करती है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में पूर्वी भारत सहित देशभर से 4,500 से अधिक सीए विद्यार्थी भाग लेंगे।

    प्रतिष्ठित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

    इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति माननीय श्री राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि इमामी लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हर्षवर्धन अग्रवाल सम्मानित अतिथि होंगे। इसके साथ ही ICAI के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए चरनजोत सिंह नंदा, बोर्ड ऑफ स्टडीज (ऑपरेशन्स) के चेयरमैन सीए रोहित रुवाटिया, वाइस चेयरमैन सीए संजीब संघी और ICAI काउंसिल सदस्य सीए रवि कुमार पटवा सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।

    आयोजकों की तैयारियां और विश्व रिकॉर्ड का प्रयास

    कॉन्फ्रेंस की मेज़बानी EIRC चेयरमैन सीए विष्णु के तुल्स्यान और EICASA चेयरमैन व EIRC वाइस चेयरमैन सीए मयूर अग्रवाल अपनी टीम के साथ कर रहे हैं। यह आयोजन न केवल पेशेवर ज्ञान का साझा मंच बनेगा, बल्कि इसमें “विश्व की सबसे बड़ी एथिक्स लेक्चर” देकर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (लंदन) में नाम दर्ज कराने की कोशिश भी की जाएगी।

    पेपर प्रेजेंटेशन और विशेषज्ञ वक्ताओं की मौजूदगी

    देशभर से आए पेपर प्रेजेंटर्स व्यवहारिक वित्त, निर्णय-निर्माण और फाइनेंस प्रोफेशनल्स की बदलती भूमिका जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां देंगे। इस कॉन्फ्रेंस को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए पब्लिक सर्विस, मीडिया, कॉर्पोरेट और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई दिग्गज वक्ता शिरकत करेंगे, जिनमें शामिल हैं:

    खान सर (श्री फैज़ल खान), डॉ. दीपक वोहरा, डॉ. आनंद रंगनाथन, कैप्टन रघु रमन और डॉ. विजेंदर सिंह चौहान।

    युवा प्रेरणास्त्रोतों की भागीदारी

    वहीं युवा प्रेरणास्त्रोत और डिजिटल फाइनेंस एजुकेटर्स – सीए भंवर बोराना, सीए आकाश कंडोई, सीए यशवंत मंगल, सीए शुभम सिंगल, सीए साक्षी जैन, सीए अरिहंत बैद और सीए ईशा जायसवाल – अपने अनुभवों से छात्रों को दिशा और दृष्टि देंगे।
    कॉन्फ्रेंस में मनोरंजन और संवाद का रंग भी होगा, जिसमें शामिल होंगे मेंटलिस्ट करन सिंह मैजिक, एक्टर-राइटर गोपाल दत्त और मोटिवेशनल स्पीकर श्री रवि गुप्ता।

    युवाओं की शक्ति और प्रोफेशनल उत्कृष्टता का उत्सव

    यह आयोजन न केवल अकादमिक ज्ञान का केंद्र होगा, बल्कि यह युवाओं के आत्मविकास, प्रोफेशनल उत्कृष्टता और सतत अध्‍ययन के जश्न का प्रतीक बनकर उभरेगा – जो EIRC और EICASA की संगठित प्रतिबद्धता और कौशल का प्रमाण है।

    बता दें कि राष्ट्रीय समाचार पत्र सच कहूँ तथा मासिक पत्रिका सच्ची शिक्षा इस कार्यक्रम में मीडिया पार्टनर हैं।