August Revolution Day: कांग्रेस ने अगस्त क्रांति दिवस पर शहीदों को किया याद

Hanumangarh News

डीसीसी कार्यालय में विचार गोष्ठी आयोजित

August Revolution Day: हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अगस्त क्रांति दिवस के मौके पर शहीदों को नमन किया। टाउन की ज्ञानसिंह कॉलोनी स्थित डीसीसी कार्यालय में अगस्त क्रांति की वर्षगांठ पर कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की शुरुआत में किसान नेता सत्यपाल के निधन पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। गत दिनों बारिश से झालावाड़ सहित अन्य जिलों में हुई त्रासदी में जान गंवाने वाले मृतकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। Hanumangarh News

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए डीसीसी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि कांग्रेस लोगों के हक की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। अंग्रेजो भारत छोड़ो, मंगल यान, हरित क्रांति, बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने में कांग्रेस का विशेष योगदान रहा है। कांग्रेस ने नल, बिजली, स्कूल, अस्पताल समेत इस देश को बहुत कुछ दिया है। हिन्दुस्तान की आजादी से लेकर आज तक इस देश को कांग्रेस ने अपना सर्वस्व दिया है। जब देश आजाद हुआ था, हिन्दुस्तान में तब सुई भी नहीं बनती थी, लेकिन आज इस देश में सुई से लेकर सब्बल तक कुदाल से लेकर कंप्यूटर तक सब कांग्रेस की देन है। वह हैलीकॉप्टर भी कांग्रेस की देन है, जिस पर प्रधानमंत्री हवाई यात्रा करते हैं।

पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए शपथ ली

भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि उन्होंने जुमले, अच्छे दिन का वादा, बेरोजगारी के अलावा देश को क्या दिया है। देश अगस्त क्रांति और अमर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा। गोष्ठी की मुख्य वक्ता डीसीसी प्रवक्ता ग्राम पंचायत प्रशासक (सरपंच) नवनीत संधू ने अगस्त क्रांति दिवस के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अगस्त क्रांति का दिन ऐतिहासिक है। इस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर ‘अंग्रेजो भारत छोड़ो’ का नारा दिया गया था। आज ही के दिन 9 अगस्त 1942 को अंग्रेजी शासन के खिलाफ यह अंतिम और निर्णायक जंग लड़ी गई थी।

आंदोलनकारियों ने 8 अगस्त 1942 को अंग्रेजो भारत छोड़ो आंदोलन के साथ संपूर्ण स्वतंत्रता का नारा पूरे देश में गुंजायमान किया था। हमें शहीदों व महान क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए और यही हमारी बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की शपथ ली। इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नियुक्त होने पर सुलोचना बाबरी का पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर और पार्टी में शामिल होने पर योगेन्द्र वर्मा का डीसीसी उपाध्यक्ष जयदेव भिड़ासरा ने स्वागत किया।

इस मौके पर पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर, संगठन महामंत्री गुरमीत सिंह चन्दड़ा, उपाध्यक्ष जयदेव भिड़ासरा, करणी सिंह, महामंत्री मनोज सैनी, रविन्द्र बेनीवाल, सचिव विजेन्द्र साईं, राजेश पुरी, हरीराम सैनी, लोकेन्द्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी, युवा कांग्रेस के जिला महासचिव शाहरूख रोड़ांवाली, नगर मण्डल अध्यक्ष यश चिलाना, दीपक संधू, रामनिवास किरोड़ीवाल, साक्षी डाबी, राजू बराड़, मनीष गर्ग, अनिल लाम्बा, विनोद गुरुसर, कृष्ण स्वामी, योगेश वर्मा, तारीफ खां, संदीप कुमार आदि मौजूद थे। Hanumangarh News