हमसे जुड़े

Follow us

30.1 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home देश Nangal News: ...

    Nangal News: ब्यास नदी में उफान से सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ का संकट गहराया

    Nangal News
    Nangal News: ब्यास नदी में उफान से सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ का संकट गहराया

    धान की फसल डूबी, 20 से अधिक गांव जलमग्न, प्रशासन पूरी तरह सतर्क

    • राहत व बचाव कार्य जारी

    कपूरथला/नंगल (सच कहूँ न्यूज)। Nangal News: ब्यास नदी में जलस्तर 1.16 लाख क्यूसेक पर स्थिर बने रहने से सुल्तानपुरलोधी क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। मंड इलाकों में करीब 25 से 30 हजार एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई है। जल निकासी विभाग के एसडीओ खुशविंदर सिंह ने जानकारी दी कि अब तक 20 से अधिक गांव जलमग्न हो चुके हैं और स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए समाजसेवी बलबीर सिंह सीचेवाल के अनुयायियों ने अहलीकलां गांव के पास अग्रिम बांध को बचाने हेतु एक हजार रेत की बोरियां डालीं।

    किसान बलविंदर सिंह और रणजीत सिंह ने बताया कि उनकी लगभग 150 एकड़ फसल बचाई गई, जिसके लिए उन्होंने संत सीचेवाल का आभार जताया। वहीं राज्यसभा सदस्य और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उन्हें राहत और मुआवजे का आश्वासन दिया। संत सीचेवाल और हरभजन सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मुआवजा देने की मांग भी उठाई।

    तत्काल फॉगिंग करवाने के निर्देश | Kapurthala News

    उपायुक्त अमित कुमार पंचाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए तत्काल फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को एसडीआरएफ के सहयोग से दवाइयों की आपूर्ति और जागरूकता अभियान चलाने का जिम्मा सौंपा गया है। पशु चिकित्सा और सूखे चारे की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मार्कफेड से अतिरिक्त चारा खरीदने के निर्देश भी जारी किए गए। राहत शिविरों में पेयजल, राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुदृढ़ करने के आदेश प्रशासन की ओर से दिए गए हैं।

    भाखड़ा बांध से पानी छोड़ने की योजना

    भाखड़ा ब्यास प्रबंधक बोर्ड (बीबीएमबी) ने भाखड़ा बांध से नियंत्रित ढंग से पानी छोड़ने का निर्णय लिया है। वरिष्ठ डिजाइन इंजीनियर, जल विनियमन ने बताया कि सोमवार दोपहर 3 बजे से बांध के गेट क्रमश: एक, दो और तीन फुट तक खोले गए। सुबह 6 बजे तक बांध का जलस्तर 1665.06 फीट दर्ज किया गया, जबकि इसकी सामान्य क्षमता 1680 फीट है। अधिकारियों को सुरक्षित और सुचारू जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    तटबंध पूरी तरह सुरक्षित

    कपूरथला के उपायुक्त अमित कुमार पंचाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि धुसी बांध सहित सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। एक्सईएन ड्रेनेज सरताज सिंह ने कहा कि खिजरपुर में अग्रिम मोर्चे को मजबूत करने के लिए पत्थर के कैरेट और 20,000 रेत की बोरियां सुरक्षित रखी गई हैं। जल निकासी विभाग की ओर से रातभर गश्त जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 01822-231990 का उपयोग करने की अपील की है। Kapurthala News