किसानों को 60 हजार मुआवजा देने का नहीं कोई प्रस्ताव, अभी मिलेंगे मात्र 15 हजार रु.

Chandigarh News
सांकेतिक फोटो

फसल खराब होने पर प्रति एकड़ 60 हजार रुपये देने का ‘आप’ ने किया था ऐलान

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब में बाढ़ की मार झेल रहे किसानों को फसल खराब होने के बाद मिलने वाली मुआवजा राशि में 60 हजार रुपए देने का सरकार का अभी कोई प्रस्ताव नहीं है। आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी इस घोषणा पर अभी कोई विचार नहीं कर रही है। इसलिए फसल के नुकसान के लिए मात्र 15 हजार रुपए तक की राशि ही किसानों को दी जाएगी। Chandigarh News

आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले न सिर्फ तत्कालीन सरकार से 60 हजार रुपए मुआवजा देने की मांग की थी बल्कि सत्ता में आने के बाद 60 हजार रुपए तक का मुआवजा देने का ऐलान भी किया था। हालाँकि 15 हजार रूपये मुआवजा देने के मामले में इस सरकार के दौरान ज्यादा देरी नहीं हुई है और मुआवजा समय पर ही मिला है। जानकारी के अनुसार प्राकृतिक आपदा के दौरान फसल के नुकसान से लेकर पशुओं की मौत तक की भरपाई केंद्र और पंजाब सरकार अपने सरकारी खजाने से करती है।

इसके लिए प्राकृतिक आपदा प्रबंधन फंड भी रखा गया है, जिसमें इस समय 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा रिजर्व पड़ा हुआ है ताकि इस तरह की आपदा आने पर तुरंत किसानों की मदद की जा सके। प्राकृतिक आपदा के दौरान खराब हुई फसल पर मिलने वाले मुआवजे को तीन हिस्सों में बाँटते हुए नुकसान की प्रतिशतता के हिसाब से ही राशि दी जाती है। यदि 25% तक फसल खराब हुई तो उसी हिसाब से पैसे मिलेंगे, और यदि 75% से 100% तक फसल खराब हुई तो भी अधिकतम 15 हजार रुपए ही मिलेंगे। Chandigarh News

यह सीमा पूर्व कांग्रेस सरकार के समय से ही लागू है। सत्ता में आने से पहले अरविंद केजरीवाल सहित पंजाब कैबिनेट में शामिल कई मंत्रियों ने तत्कालीन सरकार से 60 हजार रुपए तक मुआवजा देने की माँग की थी और माँग न मानने पर यह ऐलान भी किया था कि उनकी सरकार आने के बाद किसानों को 60 हजार रुपए तक का मुआवजा दिया जाएगा। अब आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता में आए साढ़े तीन साल हो चुके हैं लेकिन इस मुआवजा राशि में कोई भी बढ़ोतरी नहीं हुई है। न ही इस विषय में कोई फाइल चलाई गई है और न ही भविष्य में कोई योजना बनाई जा रही है।

फिलहाल नहीं है कोई बढ़ोतरी करने का विचार: हरदीप सिंह मुंडिया

राजस्व विभाग के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया ने बताया कि किसानों को प्राकृतिक आपदा के दौरान फसल पर मिलने वाली मुआवजा राशि में बढ़ोतरी करने का कोई भी विचार नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई भी प्रस्ताव उनके नोटिस में नहीं आया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस आपदा फंड का पूरा नियंत्रण केंद्र सरकार के पास ही रहता है।

मुआवजा राशि में बढ़ोतरी पर विभागीय मंत्री ही दे सकते हैं जानकारी: अमन

Aman Arora

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि उन्हें फिलहाल यह जानकारी नहीं है कि पंजाब में इस समय कितना मुआवजा दिया जा रहा है। यह मामला विभागीय कैबिनेट मंत्री को ही ज्यादा पता होगा। उन्होंने कहा कि मुआवजा राशि बढ़ेगी या नहीं, इसकी जानकारी राजस्व विभाग के कैबिनेट मंत्री ही दे सकते हैं।

यह भी पढ़ें:– पिकअप ड्राइवर ने की पुलिस नाका तोड़कर भागने की कोशिश, किया काबू