हमसे जुड़े

Follow us

19.7 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी चार दिन बाद भ...

    चार दिन बाद भी सलमान के तीनों बच्चों का सुराग नही, सर्च अभियान जारी

    Kairana News
    सांकेतिक फोटो

    पत्नी के उत्पीड़न से आहत सलमान ने विगत शुक्रवार को अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में लगा दी थी छलांग

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: चार दिन पूर्व आत्महत्या के इरादे से यमुना नदी में कूदे युवक सलमान के तीन बच्चों का कोई सुराग नही लग पाया है। हालांकि सलमान व उसकी बड़ी बेटी महक का शव विगत रविवार को यमुना नदी से अलग-अलग जगहों से बरामद हो गए थे। वहीं, गोताखोरों ने तीनों बच्चों की तलाश में मंगलवार को भी यमुना नदी में सर्च अभियान चलाया। Kairana News

    विगत शुक्रवार को कस्बे के मोहल्ला अफगानान निवासी युवक सलमान(38) अपनी बेटी महक(12), शिफा(10) व इनाया(2) तथा पुत्र अयान(7) के साथ में आत्महत्या के इरादे से यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित पुल से यमुना नदी में कूद गया था। युवक ने घटना से पूर्व तीन अलग-अलग वीडियो बनाकर कस्बे के मोहल्ला खैलकलां निवासी अपनी विवाहित बहन गुलिस्ता के व्हाट्सएप पर भेजे थे। वीडियो देखने के पश्चात ही परिजनों को घटना की जानकारी हुई थी। युवक के तीनों वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुए थे।

    मामले की सूचना मिलने पर एएसपी संतोष कुमार सिंह, एसडीएम निधि भारद्वाज, नायब तहसीलदार सतीश यादव ने यमुना नदी पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की थी। उन्होंने युवक व उसके बच्चों की तलाश में लगे गोताखोरों को सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। सर्च अभियान के दौरान रविवार को सलमान का शव जनपद बागपत के छपरौली थानाक्षेत्र के टांडा गांव के सामने से यमुना नदी पर बने पुल के पास से बरामद हो गया था, जबकि उसकी बड़ी बेटी महक का शव कांधला क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील के सामने से यमुना से मिला था। हालांकि सलमान के तीन बच्चों शिफा, इनाया व अयान का कोई सुराग नही लग सका था। Kairana News

    पुलिस ने यमुना नदी से बरामद बाप-बेटी के शवों को पंचायतनामा भरने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जिन्हें पोस्टमार्टम के पश्चात निकट स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। वहीं, गोताखोरों ने मंगलवार को भी तीनों बच्चों की तलाश में यमुना नदी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई सुराग नही लग सका। वहीं, यमुना ब्रिज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार ने बताया कि तीनों बच्चों की तलाश में यमुना नदी में सर्च अभियान चलाया गया है, लेकिन कोई सफलता हाथ नही लगी।