हमसे जुड़े

Follow us

33.6 C
Chandigarh
Thursday, March 5, 2026
More

    ‘फरियादियों से करें मधुर व्यवहार, समस्याओं के निस्तारण में अपनाए पारदर्शी दृष्टिकोण’

    कैराना तहसील के वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम अरविंद कुमार चौहान

    कैराना। डीएम शामली अरविंद चौहान कैराना तहसील के वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर में स्थित विभिन्न न्यायालयों एवं कार्यालयों का गहन निरीक्षण करते हुए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्ष एवं पारदर्शी रवैया अपनाए जाने को कहा। उन्होंने फरियादियों के साथ में विनम्र व्यवहार एवं मृदुभाषा के इस्तेमाल पर जोर दिया। Kairana News

    गुरुवार को दोपहर करीब 2:20 बजे जिलाधिकारी शामली अरविंद चौहान कैराना तहसील के वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे। जहां पर तहसील प्रांगण में पहले से मौजूद एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज एवं तहसीलदार अर्जुन चौहान ने पुष्प गुलदस्ता भेंट करके उनका अभिनंदन किया। इसके बाद, उन्होंने तहसील परिसर में स्थित विभिन्न न्यायालयों का निरीक्षण करके लंबित वादों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विचाराधीन वादों का शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने तहसीलदार से राजस्व वसूली की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

    तहसील परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों का किया गहन निरीक्षण

    साथ ही, वर्तमान वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा। डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेकर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं धरातलीय निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्ष एवं पारदर्शी दृष्टिकोण अपनाए जाने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन(एसआईआर) के तहत जारी किए गए नोटिस का निस्तारण कराने तहसील मुख्यालय पर पहुंचे अपीलार्थियों के लिए बैठने की समूची व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

    डीएम ने तहसील परिसर में स्थित रजिस्ट्रार-कानूनगों ऑफिस, खतौनी कक्ष, रिकॉर्ड रूम समेत विभिन्न कार्यालयों का गहन निरीक्षण करके आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालयों एवं परिसर की सफाई-व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। डीएम के निरीक्षण के दौरान मातहत इधर-उधर दौड़ लगाते हुए नजर आए। इस दौरान एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम निधि भारद्वाज, तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव, आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल सिंह व शौदान सिंह, राजस्व निरीक्षक अरुण कुमार, देवानंद व विनोद कुमार, लेखपाल लवकेश तंवर, अनुराग पंवार, विजित पंवार तथा स्टेनो दुष्यंत राणा आदि मौजूद रहे। Kairana News