चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में रोष
हनुमानगढ़। जंक्शन-टाउन रोड पर घग्घर नदी की पुलिया के समीप स्थित एक खेत में चोरी किए गए पीतल के सामान को पिघलाने का प्रयास कर रहे एक युवक को किसानों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। किसानों ने उसे बांधकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टाउन थाना पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। उसके पास से प्लास्टिक के कट्टों में भरा पीतल का सामान बरामद किया गया है। Hanumangarh News
राजेन्द्र सिंह पुत्र कालासिंह निवासी चक 49 एसटीसी, श्रीनगर ने बताया कि 5 जनवरी की रात उसके खेत में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर करीब 70 से 75 हजार रुपए का सामान चुरा ले गए थे, जिनमें स्प्रे करने वाली ढोलकी, पानी की मोटर सहित अन्य कृषि उपकरण शामिल थे। जाते समय चोर डीजल से भरा गैलन खेत में ही छोड़ गए थे। राजेन्द्र सिंह ने बताया कि इसके बाद आसपास के खेतों में भी लगातार चोरी की घटनाएं हुईं। पिछले तीन माह में कई बार टाउन पुलिस थाना में शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना नहीं किया। बाद में वह स्वयं थाने गया और पुलिस कर्मियों को साथ लाकर घटनास्थल दिखाया।
तीन दिन पूर्व भी अज्ञात व्यक्ति रात के समय चोरी के इरादे से खेत में घुसा
तीन दिन पूर्व भी अज्ञात व्यक्ति रात के समय चोरी के इरादे से खेत में घुसा और वहां सो रहे व्यक्ति के साथ मारपीट का प्रयास कर फरार हो गया। गुरुवार को एक युवक टिंकू जसूजा के खेत में पहुंचा। उसके पास एसी में लगने वाली पीतल की पाइपें थीं। वह खेत में चूल्हा जलाकर पीतल पिघलाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान आसपास के किसानों ने उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने खुद को गांव जंडावाली का निवासी बताया तथा यह भी कहा कि वे तीन साथी हैं। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से किसानों में भय का माहौल बना हुआ है। किसानों का कहना है कि वे रात के समय खेतों में सोने से भी डरने लगे हैं, क्योंकि चोर मारपीट करने से भी पीछे नहीं हटते और उन्हें पुलिस का जरा भी भय नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में खेतों में चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके। Hanumangarh News















